भोपाल: मध्यप्रदेश में मंगलवार रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों की तबादला सूची जारी कर 11 जिलों में नए कलेक्टरों की नियुक्ति की है। सुखवीर सिंह को मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बनाया गया है। उन्हें लोक निर्माण विभाग (PWD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, भरत यादव को जनसंपर्क विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल में हरदा, नर्मदापुरम, बालाघाट, सिंगरौली, जबलपुर, रायसेन, शाजापुर, भिंड, पन्ना, बुरहानपुर और मऊगंज समेत कई जिलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इसके अलावा मंत्रालय और विभिन्न विभागों में भी नई पदस्थापनाएं की गई हैं।
11 जिलों में नए कलेक्टरों की नियुक्ति
हरदा: कुमार सत्यम को नया कलेक्टर बनाया गया है। सिद्धार्थ जैन को वाणिज्यिक कर विभाग में उप सचिव बनाया गया है।
बालाघाट: आदित्य सिंह को कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुमार सत्यम को बालाघाट से हरदा भेजा गया है।
नर्मदापुरम: आशीष वशिष्ठ नए कलेक्टर होंगे। सोमेश मिश्रा को एड्स नियंत्रण सोसाइटी का संचालक और भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास का संचालक बनाया गया है।
सिंगरौली: अंकित अस्थाना को नया कलेक्टर बनाया गया है। गौरव बैनल को सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव और कर्मचारी चयन मंडल (ESB) का संचालक बनाया गया है।
जबलपुर: अरुण कुमार विश्वकर्मा को रायसेन से हटाकर जबलपुर भेजा गया है। मौजूदा कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह को कृषि विपणन बोर्ड का प्रबंध संचालक-सह-आयुक्त मंडी बनाया गया है।
रायसेन: रोहित सिसोनिया को नया कलेक्टर बनाया गया है।
शाजापुर: परीक्षित संजयराव झाड़े को कलेक्टर बनाया गया है। ऋजु बाफना को उज्जैन संभाग में अपर आयुक्त राजस्व की जिम्मेदारी दी गई है।
भिंड: पवन कुमार जैन नए कलेक्टर होंगे। किरोड़ी लाल मीना को वित्त विभाग में उप सचिव बनाया गया है।
पन्ना: हर्ष सिंह को नया कलेक्टर बनाया गया है। वे इससे पहले बुरहानपुर में पदस्थ थे। ऊषा परमार को उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।
बुरहानपुर: विवेक कुमार को नया कलेक्टर बनाया गया है।
मऊगंज: राजेश कुमार ओगरे को कलेक्टर बनाया गया है। संजय कुमार जैन को किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग में उप सचिव बनाया गया है।
सुखवीर सिंह बने मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव
प्रशासनिक फेरबदल में सुखवीर सिंह को मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें लोक निर्माण विभाग (PWD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
तबादला सूची में 2017 बैच के आईएएस अधिकारियों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। कुमार सत्यम को हरदा और आदित्य सिंह को बालाघाट का कलेक्टर बनाया गया है।आदित्य सिंह पहले हरदा और अशोकनगर में कलेक्टर रह चुके हैं। वहीं, कुमार सत्यम को बालाघाट से हरदा भेजा गया है। इस बदलाव के साथ दोनों अधिकारियों को जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रश्मि अरुण शमी को चिकित्सा शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रश्मि अरुण शमी को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। उन्हें भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
केसी गुप्ता को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। जॉन किंग्सली ए.आर. को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग का सचिव बनाया गया है। शोभित जैन को कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
संकेत एस. भोंडवे को आवासीय आयुक्त, मध्यप्रदेश भवन, नई दिल्ली का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। स्वतंत्र कुमार सिंह को औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग का सचिव बनाया गया है।
संदीप केरकेट्टा बने IDA इंदौर के CEO
इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) में भी नई नियुक्ति की गई है। संदीप केरकेट्टा को IDA इंदौर का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बनाया गया है।वहीं, अंशुमन राज को मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम का प्रबंध संचालक और समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन का मिशन संचालक नियुक्त किया गया है।