सीएम डॉ मोहन यादव नर्मदा-क्षिप्रा बहुउद्देशीय माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। यह परियोजना 2489 करोड़ रुपए से अधिक की है। उज्जैन जिले के तराना में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस परियोजना से 100 गांव की 30 हजार 218 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई होगी। उज्जैन जिले की दो तहसील तराना और घट्टिया वहीं शाजापुर जिले की शाजापुर विधानसभा को लाभ मिलेगा। शाजापुर के कुल 17 ग्रामों की 2728 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। पेयजल के लिए पानी भी उपलब्ध होगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कई विकासकार्यों की आधारशिला भी रखेंगे।
पाइप लाइन बिछाई गई
परियोजना से उज्जैन जिले को उद्योग एवं पेयजल हेतु 129.60 एम.एल.डी. जल, नागदा नगर को उद्योग एवं पेयजल हेतु 129.60 एम.एल.डी. जल तथा तराना, घट्टिया एवं गुराडीया गुर्जर को 21.60 एम.एल.डी. जल पेयजल के लिए प्रदाय होगा। परियोजना से शाजापुर जिले के ग्राम समूह तथा शाजापुर नगर के पेयजल के लिए 43.20 एम.एल.डी. और मक्सी में पेयजल एवं उद्योग हेतु 43.20 एम.एल.डी. का जल प्रदाय होगा। परियोजना में ओंकारेश्वर जलाशय से (ग्राम बड़ेल जिला खंडवा) से भूमिगत पाइप लाइन द्वारा 15 घन मी. प्रति सेकेण्ड की दर से जल 435 मीटर ऊंचाई तक कुल 6 पंपिंग स्टेशन एवं 50 पंप मोटर के माध्यम से उद्वहित किया जायेगा। परियोजना में मुख्य पाइप लाइन एवं वितरण प्रणाली से 2.5 हेक्टेयर चक तक कुल 2254 कि.मी. (3000 एम.एम. व्यास से 63 एम.एम. व्यास) पाइप लाइन बिछाई गई है। प्रति 20 हेक्टेयर पर एक ओ.एम.एस. बाक्स अर्थात कुल 1539 बॉक्स स्थापित किये गये हैं।
Comments (0)