पुराने साल को ठंड के बीच विदाई देने के बाद नए साल के पहले महीने में भी छत्तीसगढ़वासियों को सर्द मौसम का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद आगामी तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट दर्ज होने की संभावना है। दुर्ग संभाग में फिलहाल कड़ाके की ठंड का असर बना हुआ है। गुरुवार को यहां एक-दो स्थानों पर शीत लहर भी चली।प्रदेश में गुरुवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम शुष्क, हल्की बारिश के आसार
2026 के पहले दिन प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा और वर्षा का कोई आंकड़ा दर्ज नहीं हुआ। हालांकि शुक्रवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर अति हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब क्षेत्र के ऊपर औसत समुद्र तल से लगभग 3.1 किमी की ऊंचाई पर ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही मध्य और ऊपरी क्षोभमंडलीय स्तर पर एक ट्रफ भी मौजूद है, जिसका अक्ष लगभग 5.8 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। इन परिस्थितियों के कारण प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
दो दिन बाद भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बताया है कि प्रदेश के एक-दो स्थानों पर दो दिन बाद भी अति हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इसके असर से कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। राजधानी रायपुर में आज धुंध बने रहने के आसार हैं।गुरुवार को रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं माना में अधिकतम तापमान रायपुर से अधिक 29.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान शहर से कम 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को धुंध छाई रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आज यहां अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
Comments (0)