फतेहपुर: उत्तरप्रदेश के फतेहपुर में सोमवार शाम गैस सिलेंडर ब्लास्ट से बड़ा हादसा हो गया। फल विक्रेता का दो मंजिला मकान तेज धमाके के बाद भरभराकर ढह गया। हादसे में मलबे में दबने से परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग बुरी तरह झुलस गए हैं।धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में करीब 200 मीटर तक भूकंप जैसा झटका महसूस किया गया। हादसे के बाद पड़ोस के चार अन्य मकानों के भी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।
खाना बनाते समय मकान में लगी आग
जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे की है। घर में खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। इसके बाद परिवार की महिलाएं चीखते हुए मकान से बाहर निकल गईं।इसी दौरान घर में रखे दो गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान की पूरी छत ढह गई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
200 मीटर तक महसूस हुआ भूकंप जैसा झटका
सिलेंडर ब्लास्ट के बाद धमाके का असर आसपास के इलाके में भी दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि करीब 200 मीटर दूर तक भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ।धमाके से पड़ोस में बने चार अन्य मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। दो पड़ोसी मकानों में दरारें आने की भी जानकारी सामने आई है।
संकरी गली के कारण नहीं पहुंच सकी फायर ब्रिगेड
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, जिस मकान में विस्फोट हुआ था, वह संकरी गली में स्थित है। इसके चलते फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी।इसके बाद मौके पर JCB बुलाकर मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान चलाया।
मलबे से 7 लोगों को निकाला गया
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबा हटाकर कुल 7 लोगों को बाहर निकाला गया। सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने इनमें से 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में झुलसे तीन घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज फतेहपुर में कराया जा रहा है।
पुलिस कर रही धमाके की वजह की जांच
एसपी ने बताया कि घायलों को मेडिकल कॉलेज फतेहपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गैस सिलेंडर में धमाका किन परिस्थितियों में हुआ।हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं। घटना के कारणों की जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।