नई दिल्ली - जापान के आइची-नागोया में चल रहे Asian Games 2026 में 28 सितंबर को भारतीय खिलाड़ियों के पास कई स्पर्धाओं में पदक जीतने का मौका होगा। यह दिन शूटिंग और एथलेटिक्स के लिहाज से खास रहने वाला है। निशानेबाजी में मनु भाकर, ईशा सिंह और राही सरनोबत महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में उतरेंगी, जबकि एथलेटिक्स में अविनाश साबले, मुरली श्रीशंकर, गुलवीर सिंह और रोहित यादव जैसे खिलाड़ी पदक की दौड़ में होंगे।
25 मीटर पिस्टल में मनु-ईशा-राही की चुनौती
दिन की शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 6:10 बजे महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल के रैपिड चरण से होगी। इसमें मनु भाकर, ईशा सिंह और राही सरनोबत भारतीय चुनौती पेश करेंगी। इसी दौरान टीम इवेंट का फाइनल भी निर्धारित है। व्यक्तिगत स्पर्धा का फाइनल खिलाड़ियों के क्वालिफाई करने पर सुबह 10:45 बजे से होगा।
कंपाउंड तीरंदाजी में भारतीय खिलाड़ियों पर नजर
कंपाउंड तीरंदाजी में पुरुष वर्ग में साहिल जाधव और तिरुमुरु गणेश मणि रत्नम भारतीय चुनौती संभालेंगे। दोनों के राउंड ऑफ 16 मुकाबले सुबह 4:45 बजे से निर्धारित हैं। महिलाओं के वर्ग में ज्योति सुरेखा वेन्नम और चिकिता तनिपार्थी राउंड ऑफ 16 में उतरेंगी। साहिल और गणेश ने राउंड ऑफ 32 में अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई थी। हालांकि, ताजा अपडेट के मुताबिक राउंड ऑफ 16 में दोनों भारतीय तीरंदाज आमने-सामने आ गए, जहां गणेश मणि रत्नम ने साहिल जाधव को 149-148 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
एथलेटिक्स में शाम को मेडल की बड़ी जंग
एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ियों की कई पदक स्पर्धाएं शाम के समय होंगी। महिलाओं की डिस्कस थ्रो में सीमा और सान्या यादव फाइनल में उतरेंगी। महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में विथ्या रामराज और अनु राघवन भारतीय चुनौती पेश करेंगी। पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में संतोष कुमार तमिलारासन भी पदक की रेस में होंगे। इसके अलावा अविनाश साबले पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज, मुरली श्रीशंकर और डेविड सोलोमन पट्टुराज पुरुषों की लंबी कूद, जबकि गुलवीर सिंह पुरुषों की 1500 मीटर स्पर्धा में हिस्सा लेंगे।
भाला फेंक में रोहित यादव पर नजर
पुरुषों की जैवलिन थ्रो फाइनल में रोहित यादव और यश वीर सिंह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह फाइनल शाम करीब 4:45 बजे निर्धारित है। इसके बाद महिलाओं की 5000 मीटर फाइनल में सीमा और पारुल चौधरी उतरेंगी।
क्रिकेट और हॉकी में भी मुकाबले
28 सितंबर को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम भी एशियन गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। भारत का सामना क्वार्टर फाइनल में अफगानिस्तान से होगा। इसके अलावा भारतीय पुरुष हॉकी टीम पूल ए के मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ उतरेगी।
दिन के अंत में रिले का रोमांच
एथलेटिक्स में दिन का एक और आकर्षण महिलाओं की 4x100 मीटर रिले फाइनल रहेगा, जो भारतीय समयानुसार शाम 6:34 बजे निर्धारित है। इसके अलावा पुरुषों की 4x400 मीटर रिले का राउंड भी शाम को होगा। इस तरह 28 सितंबर भारतीय दल के लिए शूटिंग, तीरंदाजी, एथलेटिक्स और टीम स्पोर्ट्स में कई अहम मुकाबलों वाला दिन रहेगा।