धार | भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश में तीन दिवसीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। 14 से 16 नवंबर तक चलने वाले इस समारोह के तहत जबलपुर, धार, आलीराजपुर जिले के जोबट और खंडवा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम होंगे। इन आयोजनों में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे।
15 नवंबर को धार के कार्यक्रम से जुड़ेंगे प्रधानमंत्री मोदी
15 नवंबर को धार में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। इस दौरान वे प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और आयोजन से जुड़े विभागों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
धार में CM मोहन यादव करेंगे रोड शो
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 नवंबर को धार में रोड शो भी करेंगे। इस दौरान वे ग्रामीणों से संवाद करेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने को लेकर फीडबैक लेंगे।
पात्र हितग्राहियों को मिलेगी रजिस्ट्री की सौगात
कार्यक्रम के दौरान पात्र पट्टेधारियों के प्लॉट और मकानों की रजिस्ट्री कराई जाएगी। इसके साथ ही धार जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिलने की भी तैयारी है।
डही माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धार जिले में डही माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना से जुड़े कार्यक्रम को जनजातीय गौरव दिवस समारोह का प्रमुख हिस्सा बनाया गया है।