भोपाल | मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने नायब तहसीलदार भर्ती परीक्षा 2026 की तारीख में बदलाव किया है। पहले यह परीक्षा 14 नवंबर 2026 को प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 10 जनवरी 2027 कर दिया गया है। इस संबंध में कर्मचारी चयन मंडल ने आधिकारिक सूचना जारी की है। परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने का फैसला मध्य प्रदेश पटवारी संघ की मांग और राजस्व विभाग की सहमति के बाद लिया गया है। मंडल के अनुसार, अभ्यर्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए परीक्षा की संभावित तारीख में बदलाव किया गया है।
14 नवंबर की जगह अब 10 जनवरी को होगी परीक्षा
MPESB की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि भर्ती परीक्षा की नियमपुस्तिका में पहले संभावित परीक्षा तिथि 14 नवंबर 2026 घोषित की गई थी। मध्य प्रदेश पटवारी संघ ने इस तारीख को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया था। इसके बाद राजस्व विभाग, मंत्रालय भोपाल की 5 नवंबर 2026 को जारी सहमति के आधार पर परीक्षा की नई संभावित तारीख 10 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।
पटवारी संघ की मांग पर लिया गया फैसला
आदेश में कहा गया है कि परीक्षा तिथि में बदलाव का निर्णय पटवारी संघ के अनुरोध और अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखकर लिया गया है। राजस्व विभाग की सहमति मिलने के बाद कर्मचारी चयन मंडल ने नई तारीख की सूचना जारी की।
किन कर्मचारियों के लिए है नायब तहसीलदार भर्ती परीक्षा?
इस सीमित प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से राजस्व विभाग के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों को नायब तहसीलदार पद पर भर्ती का अवसर मिलेगा।
इसमें निम्न संवर्गों के कर्मचारी शामिल हैं:
- राजस्व मंडल और आयुक्त भू-अभिलेख कार्यालय के लिपिक वर्गीय कर्मचारी।
- प्रमुख राजस्व आयुक्त कार्यालय के कर्मचारी।
- संभागायुक्त और कलेक्टर कार्यालयों की लिपिक वर्गीय सेवाएं।
- पटवारी संवर्ग के कर्मचारी।
- राजस्व निरीक्षक संवर्ग के कर्मचारी।
- अभ्यर्थियों को सलाह है कि परीक्षा की नई तारीख और आगे की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी के लिए MPESB की आधिकारिक सूचना देखते रहें।