भोपाल | मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने गाइडलाइन जारी कर दी है। जारी निर्देशों के अनुसार, परीक्षा आगामी 20 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों में कार्यरत करीब 34 हजार शिक्षक शामिल होंगे। अभ्यर्थी 15 दिसंबर से अपने एडमिट कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे।
20 दिसंबर को सुबह 11 बजे से होगी परीक्षा
मंडल की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, शिक्षक पात्रता परीक्षा 20 दिसंबर को सुबह 11 बजे शुरू होगी। परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को कुल ढाई घंटे का समय दिया जाएगा। 15 दिसंबर से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध होगी। उम्मीदवार MP Online पोर्टल के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकेंगे। मंडल ने अभ्यर्थियों को समय रहते एडमिट कार्ड डाउनलोड करने और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
150 अंकों का होगा प्रश्न पत्र
MP TET परीक्षा में कुल 150 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न पत्र 150 अंकों का होगा और प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक निर्धारित किया गया है। परीक्षा में हर सवाल के चार विकल्प दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को उनमें से एक सही विकल्प का चयन करना होगा।
34 हजार शिक्षक होंगे शामिल
इस पात्रता परीक्षा में प्रदेश के करीब 34 हजार सेवारत शिक्षक शामिल होंगे। इनमें लगभग 20 हजार सरकारी स्कूलों के शिक्षक और 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक शामिल हैं। मंडल की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा के जरिए ये शिक्षक अपनी पात्रता सिद्ध करेंगे। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और जारी गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।