वाराणसी: काशी में देव दीपावली को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार गंगा के सभी पक्के घाटों, रेतीले तटों और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछले वर्षों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस बार श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
11 लाख से ज्यादा दीपों से जगमगाएंगे काशी के घाट
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस वर्ष देव दीपावली पर काशी के सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने वाले रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे।
20 से 23 नवंबर तक होगा गंगा महोत्सव
इस वर्ष गंगा महोत्सव का आयोजन 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर किया जाएगा। चारों दिन सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि काशी और आसपास के क्षेत्र की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच मिल सके।इसके अलावा सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी दीपोत्सव की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
दशाश्वमेध घाट पर महाआरती, चेतसिंह घाट पर लेजर शो
देव दीपावली का मुख्य आयोजन 24 नवंबर की शाम होगा। इस दौरान काशी के सभी घाट दीपों से रोशन होंगे। दशाश्वमेध घाट पर भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी।कार्यक्रम के तहत कई आकर्षक आयोजन भी होंगे।
दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा महाआरती।
चेतसिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो।
दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो।
काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी।
सुरक्षा के लिए 10 जोन और 21 सेक्टर में बंटा घाट क्षेत्र
देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।पुलिस और प्रशासन ने पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा है। यहां जोनल और सेक्टर प्रभारियों की तैनाती की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत
घाटों पर 27 वॉच टावर बनाए जाएंगे।
त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) तैनात रहेंगे।
21 प्रमुख घाटों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड की तैनाती होगी।
निजी गोताखोर और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे।
पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से लगातार गश्त करेगी।
20 से 25 नवंबर तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देव दीपावली से पहले और बाद में शहर की साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने 20 से 25 नवंबर तक पूरे वाराणसी में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली की रात दीपदान संपन्न होने के तुरंत बाद घाटों की सफाई कराई जाए, ताकि अगले दिन सुबह गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।इसके साथ ही टैक्सी, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से संवाद कर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को उचित मूल्य पर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
गुरु नानक जयंती की तैयारियां भी पूरी करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के अवसर पर गुरुद्वारों में होने वाले आयोजनों की तैयारियां भी समय से पूरी करने को कहा है।उन्होंने गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।