ग्वालियर | मध्य प्रदेश में वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर कांग्रेस बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है। पार्टी 25 नवंबर को ग्वालियर में प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी। इसके बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस ग्वालियर से दिल्ली कूच करेगी। इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से करीब एक लाख कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इस आंदोलन की कमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संभाली है। पार्टी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
14 से 17 नवंबर तक होंगी जोनवार बैठकें
आंदोलन को सफल बनाने के लिए 14 से 17 नवंबर तक प्रदेश के अलग-अलग जोन में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी, संगठनात्मक तैयारियों और दिल्ली कूच की रणनीति पर चर्चा होगी।
मध्य प्रदेश के लिए AICC ने नियुक्त किए 10 प्रभारी
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने मध्य प्रदेश में आंदोलन की तैयारियों के लिए 10 प्रभारी नियुक्त किए हैं। ये सभी प्रभारी 13 नवंबर को भोपाल पहुंचेंगे। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस ने भी 10 प्रभारियों की नियुक्ति की है, जो आंदोलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाने का काम करेंगे।
एक लाख कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य
कांग्रेस का लक्ष्य 25 नवंबर को ग्वालियर में प्रदेशभर से एक लाख कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को एकत्रित करना है। पार्टी इस प्रदर्शन के जरिए वोट चोरी और SIR के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए दिल्ली तक अपनी आवाज पहुंचाने की तैयारी कर रही है।