नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेस की स्वतंत्रता को लेकर सवाल पूछने वाली नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग (Helle Lyng) का भारतीय वीजा ऐन वक्त पर रद्द किए जाने का मामला सामने आया है। उन्हें तेलंगाना सरकार की ओर से आयोजित 'भारत समिट' में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। लेकिन भारत रवाना होने से कुछ घंटे पहले ही उन्हें भारतीय दूतावास की ओर से वीजा रद्द किए जाने की सूचना दे दी गई। इस घटनाक्रम ने प्रेस की आजादी और विदेशी पत्रकारों के भारत में प्रवेश को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
भारत समिट में मीडिया की स्वतंत्रता पर रखनी थी बात
नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग को 12 से 14 नवंबर तक हैदराबाद में आयोजित होने वाले 'भारत समिट' में हिस्सा लेना था। इस कार्यक्रम में उन्हें 'द फ्यूचर ऑफ मीडिया' यानी मीडिया का भविष्य विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में वक्ता के तौर पर आमंत्रित किया गया था। चर्चा के दौरान उन्हें प्रेस की स्वतंत्रता और मीडिया के सामने मौजूद चुनौतियों पर अपने विचार रखने थे।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हें वैध सिंगल एंट्री भारतीय वीजा भी जारी किया गया था। यह वीजा समिट की निर्धारित अवधि के लिए मान्य था। इसके अलावा, विदेश मंत्रालय की ओर से भी उनके भारत आने को लेकर राजनीतिक मंजूरी दी गई थी।
उड़ान से कुछ घंटे पहले आया दूतावास का फोन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हेले लिंग 11 नवंबर को नॉर्वे की राजधानी ओस्लो से हैदराबाद के लिए रवाना होने वाली थीं। लेकिन यात्रा से ठीक पहले नॉर्वे स्थित भारतीय दूतावास से उन्हें फोन आया। फोन पर बताया गया कि उनका भारतीय वीजा रद्द कर दिया गया है और अब वह भारत की यात्रा नहीं कर सकतीं।
पत्रकार के मुताबिक, उन्हें वीजा रद्द करने से जुड़ी औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के लिए भारतीय दूतावास आने को भी कहा गया। अचानक लिए गए इस फैसले से वह हैरान रह गईं, क्योंकि उनके पास पहले से वैध वीजा और विदेश मंत्रालय की राजनीतिक मंजूरी मौजूद थी।
गृह मंत्रालय के आदेश पर वीजा रद्द होने का आरोप
हेले लिंग ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि विदेश मंत्रालय की राजनीतिक मंजूरी मिलने के बाद ही उन्हें वीजा जारी किया गया था। ऐसे में अचानक यात्रा रोकने का फैसला समझ से परे है। उन्होंने आशंका जताई कि गृह मंत्रालय ने उन्हें भारत आने की अनुमति नहीं देने का फैसला किया है।
'द वायर' से बातचीत में उन्होंने इस घटनाक्रम को चौंकाने वाला और बेतुका बताया। उनका कहना था कि वह महज कुछ दिनों के लिए एक सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत आ रही थीं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि उनके मामले में गृह मंत्रालय की क्या भूमिका है।
अमित शाह से मांगा जवाब
पत्रकार ने इस फैसले के पीछे गृह मंत्रालय की भूमिका होने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा है। उनका सवाल है कि जब विदेश मंत्रालय की ओर से राजनीतिक मंजूरी दी जा चुकी थी और वीजा भी जारी हो गया था, तो फिर आखिरी समय पर उनकी यात्रा क्यों रोक दी गई?
फिलहाल, इस मामले में वीजा रद्द किए जाने के पीछे की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं है। गृह मंत्रालय की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आने की जानकारी भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में अब इस घटनाक्रम पर सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार है।