इंदौर | मध्य प्रदेश के इंदौर में एक बार फिर घरेलू T20 क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। 14 नवंबर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले शुरू होने जा रहे हैं। इसके लिए होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज मैदान तैयार हैं। टूर्नामेंट में देश की आठ टीमें हिस्सा लेंगी। क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास बात यह है कि मैच देखने के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रहेगा।
इंदौर पहुंचे वैभव सूर्यवंशी, जम्मू-कश्मीर टीम ने शुरू किया अभ्यास
बिहार के युवा कप्तान वैभव सूर्यवंशी इंदौर पहुंच चुके हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर की टीम ने होलकर स्टेडियम में अभ्यास शुरू कर दिया है। टीम के तेज गेंदबाज उमरान मलिक भी मैदान पर जमकर पसीना बहा रहे हैं।
अभिषेक शर्मा भी दिखाएंगे अपना खेल
टूर्नामेंट में पंजाब की ओर से युवा स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी खेलते नजर आएंगे। उनकी मौजूदगी से मुकाबलों का रोमांच और बढ़ने की उम्मीद है। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा जैसे युवा खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है।
फैंस के लिए मैच देखने का सुनहरा मौका
इंदौर में होने वाले इन मुकाबलों के लिए दर्शकों को टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी। स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रखा गया है। ऐसे में शहर के क्रिकेट प्रेमी होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज मैदान पर पहुंचकर घरेलू T20 क्रिकेट का आनंद ले सकेंगे।