नई दिल्ली | भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई। सुबह 9:16 बजे सेंसेक्स 126 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 82,003 पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 31 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,286 पर कारोबार कर रहा था। शुरुआती कारोबार में बड़े शेयरों की तुलना में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में ज्यादा खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 295 अंक यानी 0.48 प्रतिशत बढ़कर 61,821 पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 209 अंक यानी 1.08 प्रतिशत की तेजी के साथ 19,699.05 पर कारोबार कर रहा था।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में ज्यादा तेजी
शुरुआती कारोबार में कई सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। इनमें निफ्टी मीडिया, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और निफ्टी पीएसयू बैंक शामिल रहे। दूसरी ओर निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी फार्मा, निफ्टी आईटी, निफ्टी ऑटो, निफ्टी कंजम्प्शन, निफ्टी इंफ्रा और निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स में कमजोरी देखी गई।
सेंसेक्स के इन शेयरों में रही खरीदारी
सेंसेक्स पैक में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, आईटीसी, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, अदाणी पोर्ट्स, इटरनल, एक्सिस बैंक, बीईएल, टाइटन, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील और ट्रेंट बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं, एचयूएल, एमएंडएम, इन्फोसिस, अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, भारती एयरटेल, एलएंडटी, टीसीएस, एचसीएल टेक और मारुति सुजुकी के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
एशियाई और अमेरिकी बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत
एशियाई बाजारों में भी गुरुवार को तेजी का रुख रहा। टोक्यो, शंघाई, सोल और जकार्ता के बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि हांगकांग का बाजार लाल निशान में था। इससे पहले बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। डाओ जोन्स में 0.49 प्रतिशत और टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक में 1.60 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।
FII की खरीदारी से बाजार को मिल रहा समर्थन
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, नवंबर के शुरुआती सात कारोबारी सत्रों में निफ्टी में आई 9.55 प्रतिशत की तेजी के पीछे विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की आक्रामक खरीदारी प्रमुख वजह रही है। नवंबर में अब तक एफआईआई ने भारतीय इक्विटी बाजार में 65,735 करोड़ रुपये का निवेश किया है। जानकारों का मानना है कि एफआईआई की खरीदारी का रुझान आगे भी जारी रह सकता है। दूसरी तिमाही के बेहतर नतीजों से कंपनियों की कमाई में मजबूत वृद्धि और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने भी बाजार को समर्थन दिया है। ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 92 डॉलर प्रति बैरल बताई गई है। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की ओर से मुनाफावसूली जारी रहने की संभावना है। इससे बाजार की तेजी पर कुछ दबाव पड़ सकता है।