मुंबई - साउथ सुपरस्टार नानी की फिल्म ‘द पैराडाइज’ सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी इस एक्शन ड्रामा को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन कमाई के मामले में फिल्म ने शुरुआती झटके के बाद रफ्तार संभाल ली है। फिल्म ने चार दिनों में भारत में ₹92.10 करोड़ नेट का कलेक्शन कर लिया है, जबकि इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ₹138.25 करोड़ तक पहुंच गया है।
पेड प्रीमियर से हुई शुरुआत
‘द पैराडाइज’ के पेड प्रीमियर 23 सितंबर की शाम आयोजित किए गए थे। इन प्रीव्यू शोज से फिल्म ने करीब ₹11.60 करोड़ की कमाई की। इसके बाद 24 सितंबर को फिल्म ने सिनेमाघरों में आधिकारिक दस्तक दी और पहले दिन ₹34.65 करोड़ नेट कमाए। पहले दिन के बाद कमाई में गिरावट जरूर आई, लेकिन वीकेंड में फिल्म ने फिर से अपनी स्थिति मजबूत की। दूसरे दिन कलेक्शन ₹14.90 करोड़, तीसरे दिन ₹15.25 करोड़ और चौथे दिन यानी रविवार को ₹15.70 करोड़ रहा।
4 दिन में 92 करोड़ के पार इंडिया नेट
रविवार की कमाई जुड़ने के बाद फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन ₹92.10 करोड़ हो गया। वहीं इंडिया ग्रॉस कलेक्शन करीब ₹109 करोड़ बताया गया है। विदेशी बाजार से भी फिल्म को कमाई हो रही है और चार दिनों में इसका ओवरसीज ग्रॉस करीब ₹29.25 करोड़ पहुंच गया। इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस ₹138.25 करोड़ हो गया है। फिल्म की कमाई में तेलुगु वर्जन की बड़ी हिस्सेदारी है। रविवार को तेलुगु वर्जन ने करीब ₹13.60 करोड़ नेट कमाए, जबकि हिंदी वर्जन का योगदान करीब ₹1.90 करोड़ रहा।
क्या है ‘द पैराडाइज’ की कहानी?
श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1980 के दशक के सिकंदराबाद की पृष्ठभूमि में सेट है। कहानी एक हाशिए पर रहने वाले समुदाय और उसके संघर्ष के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में भेदभाव, पहचान और अपने अधिकारों की लड़ाई को दिखाया गया है। नानी के साथ फिल्म में मोहन बाबू, कायडू लोहड़, सोनाली कुलकर्णी और राघव जुयाल अहम भूमिकाओं में हैं।
बॉक्स ऑफिस पर ‘द वन’ भी दे रही टक्कर
इसी दौरान सिनेमाघरों में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ भी रिलीज हो चुकी है। यह फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में आई और इसे सुपरनैचुरल थ्रिलर के तौर पर पेश किया गया है। फिल्म की कहानी रहस्यमयी जंगल और वन देवी से जुड़े लोकविश्वास के इर्द-गिर्द घूमती है।
ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों के प्रदर्शन पर दर्शकों की नजर बनी हुई है। एक तरफ नानी की ‘द पैराडाइज’ ने शुरुआती वीकेंड में मजबूत आंकड़े दर्ज किए हैं, वहीं ‘द वन’ भी अपनी रिलीज के बाद दर्शकों का ध्यान खींच रही है।