उज्जैन: महाकाल की नगरी उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए मास्टर प्लान के अनुसार शहर में सड़क चौड़ीकरण और अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इन विकास कार्यों में अलग-अलग धर्म और समुदाय के लोग भी सहयोग कर रहे हैं। इसी क्रम में छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद के सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले हिस्से को समुदाय द्वारा स्वयं हटाया जा रहा है। उज्जैन प्रशासन ने इसे विकास कार्यों में समाजों के सहयोग और समन्वय से जोड़ते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
सिंहस्थ 2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण का काम
उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा कि वर्ष 2028 में सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन होना है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए शहर में निर्माण कार्य चल रहे हैं। कलेक्टर के मुताबिक मास्टर प्लान के अनुरूप विभिन्न मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले मकान, दुकान और धर्मस्थल आदि को संबंधित लोग स्वेच्छा से हटाकर प्रशासन के विकास कार्यों में सहयोग कर रहे हैं।
शाही मस्जिद का हिस्सा समुदाय ने खुद हटाया
कलेक्टर रोशन सिंह ने बताया कि इसी क्रम में छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद का एक हिस्सा भी समुदाय द्वारा स्वतः हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ की तैयारियों में सभी धर्म और समुदाय के लोग अपना योगदान दे रहे हैं। प्रशासन ने इसे आपसी सहयोग और समन्वय के रूप में बताया है। कलेक्टर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शहर में शांति एवं सद्भाव बनाए रखें।
शहर काजी ने भी की लोगों से अपील
मामले को लेकर उज्जैन शहर काजी खली कुर्रे रहमान ने भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। शहर काजी के मुताबिक मस्जिद से जुड़ा मामला रात में ही आपसी सहमति से सुलझ गया था। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई स्थिति नहीं है, जिसके लिए लोगों को मौके पर जाने की आवश्यकता हो। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिस कार्य को पूरा करने का संकल्प लिया गया है, उसे पूरा किया जा रहा है। इसलिए अफवाहों के कारण लोग अपने घरों से निकलकर अनावश्यक रूप से मौके पर न जाएं।
शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील
उज्जैन प्रशासन और शहर काजी दोनों ने लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में सभी समाजों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। फिलहाल प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।