कोलकाता: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधायकों और सांसदों के साथ बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में नेताओं को आम लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखने के साथ-साथ पार्टी की कार्यप्रणाली और संगठनात्मक अनुशासन को समझने का संदेश दिया गया।
मिलने आने वाले लोगों का रखना होगा रिकॉर्ड
नितिन नवीन ने नेताओं से कहा कि उनके पास कितने लोग मिलने के लिए आ रहे हैं, इसका हिसाब रखा जाना चाहिए। उन्होंने विधायक कार्यालय में पर्याप्त समय देने और वहां आने वाले लोगों से व्यवस्थित तरीके से संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया।
फोटो खिंचवाने आने वालों पर भी नजर
बैठक में यह भी कहा गया कि यदि कोई व्यक्ति नेताओं के साथ फोटो खिंचवाने के लिए आता है, तो उसके बारे में सतर्कता बरतनी होगी। यह भी ध्यान रखना होगा कि संबंधित व्यक्ति किसी आपराधिक गतिविधि से जुड़ा हुआ तो नहीं है।
टिकट को लेकर किसी के बहकावे में न आएं
नितिन नवीन ने स्पष्ट संदेश दिया कि कॉरपोरेशन चुनाव में किसे टिकट दिया जाएगा, इसका फैसला पार्टी करेगी। उन्होंने नेताओं को ऐसे लोगों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी, जो व्यक्तिगत रूप से टिकट दिलाने का दावा करते हैं।
उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति यह कहकर संपर्क करे कि वह टिकट की व्यवस्था करवा देगा, तो उसके साथ किसी तरह के विवाद में नहीं पड़ना है। ऐसे लोगों से मिलकर काम करने की बात कहनी है और संगठन के फैसले का इंतजार करना है।
अनैतिक गतिविधियों पर पार्टी की सख्ती
बैठक में संगठनात्मक अनुशासन पर भी जोर दिया गया। नितिन नवीन ने कहा कि जो लोग अनैतिक गतिविधियों में शामिल होंगे, उन्हें पार्टी से बाहर करने में बीजेपी ज्यादा समय नहीं लगाएगी। नेताओं को पार्टी की नीतियों और संगठनात्मक व्यवस्था को बेहतर तरीके से समझने की बात कही गई।
पूजा समितियों में जबरदस्ती शामिल न हों
जनसंपर्क को लेकर भी नेताओं को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। कहा गया कि पूजा समितियों में जबरदस्ती प्रवेश नहीं करना है। अगर कोई पूजा समिति स्वयं किसी नेता को संरक्षक या अध्यक्ष बनाना चाहती है, तभी उस भूमिका को स्वीकार किया जाए।
हालांकि, नेताओं को पूजा समितियों के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से शामिल होने और स्थानीय स्तर पर लोगों के साथ संपर्क मजबूत करने पर जोर दिया गया। बैठक का मुख्य फोकस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने पर रहा।