लखनऊ - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। एक साक्षात्कार के दौरान उन्होंने अखिलेश यादव के अयोध्या जाने की चर्चा से लेकर सपा की पीडीए राजनीति, एसआईआर और प्रदेश के विकास तक पर टिप्पणी की। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव कहा जाता है। राधे-राधे तो अभी शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है।
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी ने अखिलेश यादव के अयोध्या जाने को लेकर कहा कि दो नावों पर सवारी करने वाले डूब जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नब्बे के दशक में यदि सपा नेतृत्व ने समझदारी दिखाई होती तो रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलाई जातीं। उन्होंने समाजवादी पार्टी से रामभक्तों और हिंदू समाज से माफी मांगने की बात भी कही। योगी ने सपा के पीडीए को परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी की राजनीति परिवार तक सीमित है। वहीं, उन्होंने भाजपा के मतदाताओं को राष्ट्रवादी नागरिक बताते हुए संविधान और सांस्कृतिक विरासत के सम्मान की बात कही।
एसआईआर और घुसपैठियों को लेकर विपक्ष पर हमला
मुख्यमंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि मृतकों और दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके लोगों के नाम हटने चाहिए, जबकि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में बना रहना चाहिए। उनके मुताबिक, विदेशी नागरिकों को मतदान का अधिकार नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप भी लगाया।
यूपी के विकास और एक्सप्रेसवे नेटवर्क पर गिनाईं उपलब्धियां
योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश में अपराध, दंगे और अव्यवस्था की स्थिति थी, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विकास योजनाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट में तीन गुना से अधिक वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। पहले प्रदेश में दो एयरपोर्ट संचालित थे, जबकि अब 17 एयरपोर्ट चालू हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय हैं। इसके अलावा सात शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध है।
निवेश, उद्योग और रोजगार को लेकर बड़ा दावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां बनाई गई हैं और करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में एयरपोर्ट, सेमीकंडक्टर इकाई, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और डेटा सेंटर जैसी परियोजनाओं पर काम हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश के मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में तैयार होता है। एमएसएमई और ओडीओपी योजनाओं के माध्यम से सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिलने की बात भी कही।
युवाओं को नियुक्ति और तकनीकी प्रशिक्षण
योगी ने कहा कि उनकी सरकार अब तक करीब पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दे चुकी है। आगामी 26 जनवरी तक यह संख्या साढ़े दस लाख करने का लक्ष्य है। उन्होंने युवाओं को टैबलेट वितरण, एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर जैसी आधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षण देने की जानकारी भी दी।
कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सख्त संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं, बेटियों, व्यापारियों और निवेशकों को परेशान करने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी। उन्होंने अपराधियों के लिए जेल या जहन्नुम की बात कहते हुए सरकार की सख्त नीति दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी को बताया आदर्श
राजनीतिक भविष्य के सवाल पर योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आदर्श बताते हुए खुद को पार्टी का सामान्य कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे निभाएंगे। राहुल गांधी पर भी उन्होंने तंज कसा। अंत में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को असीम संभावनाओं वाला प्रदेश बताते हुए युवाओं को विकसित यूपी का सारथी बताया। उन्होंने बुलडोजर को प्रदेश की ताकत करार दिया और अपनी मां के निधन के समय भी संन्यासी धर्म के पालन का जिक्र करते हुए भावुक टिप्पणी की।