नई दिल्ली - मालदीव की राजधानी माले में बुधवार को कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव (CSC) के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की 8वीं बैठक हुई। इसमें भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा, स्थिरता और साझा विरासत को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने ड्रग तस्करी और उससे जुड़े काले धन के मुद्दे को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि भारत श्रीलंका, मालदीव सहित अन्य साझेदार देशों के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान कर रहा है। उन्होंने इस सहयोग को और व्यापक बनाने की जरूरत भी बताई।
हिंद महासागर क्षेत्र की साझा जिम्मेदारी पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए अजित डोभाल ने कहा कि हिंद महासागर केवल राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह आर्थिक समृद्धि और क्षेत्र के लोगों के हितों से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव की अब तक की यात्रा में योगदान देने वाले सभी सदस्य देशों का आभार जताया।
डोभाल के मुताबिक, इस मंच की शुरुआत एक साझा विचार के साथ हुई थी। अब सभी देशों के सहयोग से इसका अपना सचिवालय और महासचिव है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने यह भी कहा कि हिंद महासागर के तटीय देश समुद्री क्षेत्र के साथ-साथ एक लंबी सभ्यतागत विरासत भी साझा करते हैं। समुद्र की परंपरा इन देशों को आपस में जोड़ती है।
2020 में हुई थी कॉन्क्लेव की शुरुआत
डोभाल ने याद दिलाया कि नवंबर 2020 में हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा, संरक्षा और स्थिरता के साझा लक्ष्य के साथ कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव की स्थापना की गई थी। समय के साथ यह मंच केवल विचार-विमर्श तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे ठोस कार्रवाई और आपसी सहयोग पर केंद्रित बनाया गया है। उन्होंने कहा कि समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद और कट्टरपंथ का मुकाबला, साइबर सुरक्षा तथा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत जैसे विषय इस संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सदस्य देशों के बीच लगातार सहयोग बढ़ रहा है, जो कॉन्क्लेव की मूल भावना को दर्शाता है।
AI और नई तकनीकों से बदलेंगी सुरक्षा चुनौतियां
भारतीय एनएसए ने भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों को लेकर भी सदस्य देशों को आगाह किया। उन्होंने कहा कि अब तक देश बीते समय की चुनौतियों पर चर्चा करते रहे हैं, लेकिन भविष्य में सामने आने वाले खतरों के लिए अभी से तैयारी करना जरूरी है। डोभाल के अनुसार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और दूसरी उभरती तकनीकें दुनिया में संघर्ष और सहयोग के नए क्षेत्र तैयार करेंगी। ऐसे में सदस्य देशों को तकनीक, अनुभव और बेहतर कार्यप्रणालियां साझा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बदलते सुरक्षा परिदृश्य में संयुक्त प्रयास पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गए हैं।
ड्रग तस्करी और काले धन पर जताई चिंता
बैठक में ड्रग तस्करी से होने वाली अवैध कमाई यानी ड्रग मनी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। डोभाल ने इसे बेहद गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि भारत श्रीलंका, मालदीव और अन्य देशों के साथ जानकारी साझा कर इस चुनौती से निपटने में सहयोग कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब इस साझेदारी को और आगे बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि क्षेत्रीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।
भारत ने सहयोग जारी रखने का दिया भरोसा
डोभाल ने कहा कि भारत के लिए कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव, उसकी 'नेबरहुड फर्स्ट' नीति और 'महासागर' विजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। महासागर विजन का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा और विकास के लिए आपसी तथा समग्र उन्नति को बढ़ावा देना है।
बैठक में ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया के प्रतिनिधियों की मौजूदगी का स्वागत करते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ये देश भी इस मंच से जुड़ सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत क्षेत्रीय साझेदारों के साथ मिलकर गंभीर सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने और साझा उद्देश्यों को हासिल करने के लिए हरसंभव सहयोग देता रहेगा।