आज साल का अंतिम चंद्र ग्रहण है। मान्यता है कि ग्रहण पड़ने पर भगवान पर संकट रहता है। 8 नवंबर को सुबह 8.28 बजे से चंद्रग्रहण की सूतक शुरू हो गई है। राजधानी भोपाल में चंद्र ग्रहण का असर 51 मिनट तक रहेगा। चंद्र ग्रहण मंगलवार को शाम 5.28 बजे से 7.26 बजे तक रहेगा। ये चन्द्र ग्रहण पूर्वोत्तर के राज्यों में ही दिखाई देगा। देश के शेष भागों में आंशिक चन्द्र ग्रहण ही दिखाई देगा। चन्द्र ग्रहण का सूतक सुबह 8.28 से प्रारंभ हो गया है।
भक्ति में लगाए मन
सूतक काल के दौरान जितना सम्भव हो कम बोलें और भगवान की भक्ति में अपना मन लगाएं। भगवान का ध्यान करें। सूतक काल के दौरान ग्रहण से संबंधित ग्रह की शांति के लिए पूजा करें, पाठ करें और मंत्रों का जप करें। सूतक काल के वक्त जितना सम्भव हो योग और ध्यान करें। ऐसा करने से आपकी मानसिक शक्ति का विकास होगा और आप खुद को और अपने परिवार को ग्रहण के दुष्प्रभाव से बचा सकेंगे।
खाने में डाले तुलसी के पत्ते
सूतक काल में भोजन नहीं बनाएं और अगर खाना बना लिया है तो उसमें तुलसी के पत्ते डालकर रख दें। चंद्र ग्रहण के दौरान चंद्र मंत्रों का जप करें और सूर्यग्रहण के दौरान सूर्य मंत्रों का स-परिवार स्पष्ट उच्चारण पूर्वक जप करें। ग्रहण समाप्त होने पर घर पर और पूजा स्थल पर गंगाजल छिड़कें और घर को शुद्ध करें।
गर्भवती महिलाएं रखें ध्यान
सूतक काल के वक्त किसी भी गर्भवती महिला को घर से बाहर बिल्कुल भी नहीं जाना चाहिए जिससे ग्रहण की छाया आपके गर्भ में पल रहे शिशु पर न पड़े। शास्त्रों के मुताबिक सूतक काल में दांतों की सफाई और बालों में कंघी नहीं करनी चाहिए। सूतक काल चल रहा हो तो सोने से बचें। धार्मिक दृष्टि से सूतक काल में किसी भी पवित्र मूर्ति को छूना अत्यंत अशुभ माना जाता है। इस दौरान काम या क्रोध जैसे नकारात्मक विचारों को अपने मन में न आने दें। साथ ही इस अवधि के दौरान मल-मूत्र और शौच जैसे कार्य करना भी वर्जित है। साथ ही इस दौरान चाकू और कैंची जैसी नुकीली चीजों का इस्तेमाल करना भी मना है।
Comments (0)