राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अयोध्या के साथ साथ मध्यप्रदेश भी अच्छा खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बीच सीएम डॉ. मोहन यादव ने 22 जनवरी को होने वाले रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को देखते हुए सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए हैं। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 16 जनवरी से 22 जनवरी तक जनसहयोग से कार्यक्रम आयोजित होंगे।
विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 16 – 22 जनवरी तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। अयोध्या दर्शन के लिए जाने वाले सभी यात्रियों का सम्मान किया जाएगा। सभी मंदिरों में साफ सफाई, रोशनी की व्यवस्था के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं। इतना ही नहीं प्रदेश में श्रीराम जानकी आधारित कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
हर संभव मदद और योगदान दिए जा रहे
बता दें कि 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में होने वाले नए भव्य मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए जोरो शोरो से तैयारियां की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित देश और विदेश से लाखों रामभक्त राम मंदिर के उद्घाटन अवसर पर अयोध्या पहुंचेंगे। VVIP मेहमानों का स्वागत करने के लिए अयोध्या को संजाने संवारने का काम चल रहा है। देश के कई राज्यों से रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के लिए हर संभव मदद और योगदान दिए जा रहे हैं। वहीं, कई राज्यों में विशेष पूजा और धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है।
राम कीर्तन का आयोजन कराया जायेगा
प्रदेश के प्रत्येक मंदिर में 16 जनवरी से 22 जनवरी तक जन-सहयोग से राम कीर्तन का आयोजन कराया जायेगा। समस्त मंदिरों में दीप प्रज्जवलित किये जायेंगे। हर घर में दीपोत्सव के लिये आमजन को जागृत किया जायेगा। प्रदेश के नगरों तथा गांव में मौजूद राम मंडलियों को मोहल्लों तथा गांव में स्थानीय कार्यक्रम के लिये प्रेरित किया जायेगा। प्रदेश के प्रमुख मंदिरों में ट्रस्ट समितियों द्वारा धर्मगुरुओं के साथ समन्वय कर 22 जनवरी को भंडारों का आयोजन किया जायेगा।
Comments (0)