भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अब पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। सोमवार को दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में उनके नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गई। राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने बताया कि इस पद के लिए केवल नितिन नबीन का ही नाम प्रस्तावित किया गया है।डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि नितिन नबीन के समर्थन में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनकी जांच के बाद सभी को वैध पाया गया।
कल होगा औपचारिक ऐलान
अब नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का औपचारिक ऐलान 20 जनवरी को किया जाएगा।नामांकन प्रक्रिया के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी समेत सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता उपस्थित थे और उन्होंने नितिन नबीन के समर्थन में नामांकन पत्र जमा किए।भाजपा ने 16 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था। नितिन नबीन को 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
कौन हैं नितिन नबीन
बिहार से पांच बार के विधायक नितिन नबीन को दिसंबर 2025 में भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनके पास संगठन और सत्ता दोनों संभालने का अनुभव है।
नितिन ने 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा सीट से पहली बार विधायक के रूप में कदम रखा।
2010 से 2025 तक वे लगातार पांच बार बांकीपुर सीट से चुनाव जीतते रहे।कायस्थ समाज से आने वाले नितिन नबीन ने 2016 में बिहार भाजपा युवा मोर्चा की कमान संभाली।
2021 में उन्हें नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री बनाया गया। 2024 में वे शहरी विकास एवं आवास विभाग के मंत्री बने। 2025 के बिहार चुनाव में एनडीए की बड़ी जीत के बाद उन्हें फिर से मंत्री पद मिला।
Comments (0)