नई दिल्ली: डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारी और अन्य गंभीर रोगों से जूझ रहे मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्र सरकार और नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने 30 जरूरी दवाओं की अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) तय कर दी है। नए आदेश के बाद अब कोई भी दवा विक्रेता इन दवाओं को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर नहीं बेच सकेगा।
मरीजों को कैसे मिलेगा फायदा?
भारत में लंबे समय से एक ही दवा अलग-अलग ब्रांड के नाम पर अलग-अलग कीमतों में बेची जाती रही है। मरीजों को सही कीमत की जानकारी नहीं होने के कारण अक्सर ज्यादा पैसे चुकाने पड़ते थे। सरकार के इस फैसले के बाद इन दवाओं की कीमतों पर नियंत्रण रहेगा और मरीजों को राहत मिलेगी।
डायबिटीज की दवाओं के दाम तय
डायबिटीज के मरीजों के लिए Vildagliptin और Metformin की कॉम्बिनेशन टैबलेट की अधिकतम कीमत 9.79 रुपये प्रति टैबलेट तय की गई है। वहीं Sitagliptin, Glimepiride और Metformin की टैबलेट 10.39 से 11.91 रुपये प्रति टैबलेट तक मिलेगी। Teneligliptin और Dapagliflozin की कॉम्बो दवा की कीमत 10.17 रुपये प्रति टैबलेट निर्धारित की गई है।
दिल और ब्लड प्रेशर के मरीजों को राहत
दिल और हाई ब्लड प्रेशर से जुड़ी कई दवाओं की कीमतें भी नियंत्रित की गई हैं। Bisoprolol और Amlodipine की कॉम्बो टैबलेट 7.31 से 9.40 रुपये प्रति टैबलेट पर मिलेगी। वहीं Cilnidipine और Telmisartan की दवा 12.98 से 14.95 रुपये प्रति टैबलेट तक उपलब्ध होगी।
ट्रांसप्लांट मरीजों के लिए बड़ा फैसला
किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट के बाद इस्तेमाल होने वाली महंगी दवा Tacrolimus Prolonged Release Capsule की कीमत 127 रुपये प्रति कैप्सूल तय की गई है। इस फैसले से ट्रांसप्लांट मरीजों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
दुकानदारों पर रहेगी सख्त निगरानी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित MRP से अधिक कीमत वसूलने पर कार्रवाई की जाएगी। मरीजों को सलाह दी गई है कि दवा खरीदते समय पैकेट पर लिखी कीमत अवश्य जांचें और अधिक कीमत वसूले जाने पर शिकायत दर्ज कराएं।
इन कंपनियों पर लागू होगा आदेश
यह आदेश Akums Drugs, Alkem Wellness, Zydus Lifesciences, Ipca Laboratories, Dr. Reddy's Laboratories, Intas Pharmaceuticals, Mankind Pharma और Macleods Pharmaceuticals जैसी प्रमुख दवा कंपनियों पर लागू होगा।