देवास। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को देवास के पॉलिटेक्निक कॉलेज में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आवेदकों की शिकायतें सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान देवास के उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रतनसिंह डाबर को निलंबित कर दिया गया। वहीं, नल जल योजना में लापरवाही के मामले में संबंधित ठेकेदार पर 10 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए।
समाधान ऑनलाइन में सीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में एक-एक कर आवेदकों से चर्चा की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को सभी शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान एक प्रकरण की फाइल प्रस्तुत नहीं कर पाने और आवेदक की समस्या के समाधान में उदासीनता बरतने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर की। इसके बाद देवास के उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रतनसिंह डाबर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।
लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति में लापरवाही, पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रोकी
कार्यक्रम के दौरान आवेदिका सलोनी सिसोदिया ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं मिला है। छात्रवृत्ति की राशि दूसरे बैंक खाते में जमा हो गई थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पर्यवेक्षक को शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग की सोनकच्छ पर्यवेक्षक वर्षा निक्कम की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं के निराकरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सैनिक के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय सैनिक पवन यादव के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान एवं सहयोग सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने सैनिक के परिजनों से चर्चा कर बताया कि संबंधित प्रकरण का आवश्यक परीक्षण कराया जाएगा। साथ ही सैनिक को शहीद का दर्जा प्रदान करने के विषय पर भी सरकार विचार करेगी।

किसान को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा
कार्यक्रम में वन अधिकार पट्टाधारी किसान लालसिंह पिता रतनलाल ने फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसान को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को फसल बीमा की राशि के भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने देवास जिले के करण देवड़ा, नीरज दुबे, सलोनी सिसोदिया, हरेंद्र पांचाल और लालसिंह सहित अन्य आवेदकों से चर्चा कर उनकी समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
नल जल योजना में लापरवाही पर ठेकेदार पर 10 लाख की पेनल्टी
देवास के सुरेश मालवीय ने नल जल योजना से जुड़ी शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी। शिकायत में योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही का मामला सामने आया। इस पर मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार पर 10 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और आम जनता को परेशान करने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।