रायपुर : छत्तीसगढ़ में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को रोकने और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आज, 27 नवंबर से 100 दिवसीय जन-जागरूकता अभियान शुरू हो रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से चलाए जा रहे ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ का शुभारंभ मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े करेंगी। अभियान की शुरुआत के अवसर पर रायपुर में राज्य स्तरीय जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
दोपहर 12 बजे DDU ऑडिटोरियम में कार्यक्रम
राज्य स्तरीय जन-संवाद कार्यक्रम रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में दोपहर 12 बजे आयोजित होगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े कार्यक्रम की मुख्य अतिथि होंगी, जबकि मंत्री गुरु खुशवंत साहेब कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी शामिल होंगे। अभियान के उद्देश्य और बाल विवाह रोकने में समाज की भूमिका पर चर्चा की जाएगी।
बाल विवाह मुक्ति रथ से गांवों और समुदायों तक पहुंचेगा संदेश
अभियान के तहत ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ के माध्यम से लोगों तक बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता का संदेश पहुंचाया जाएगा। इसके जरिए परिवारों और समुदायों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी जाएगी। अभियान में खास तौर पर इस बात पर जोर रहेगा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य को प्रभावित करता है। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों, विशेषकर बालिकाओं के पढ़ाई और आगे बढ़ने के अवसर सीमित हो सकते हैं।
बच्चों के बचपन और शिक्षा के अधिकार पर जोर
100 दिनों तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य समाज में ऐसी जागरूकता पैदा करना है, जिससे बाल विवाह रोकने के प्रयासों में परिवारों और समुदायों की भागीदारी बढ़े। अभियान के जरिए यह संदेश दिया जाएगा कि हर बच्चे को अपना बचपन जीने, शिक्षा हासिल करने और सुरक्षित भविष्य बनाने का अवसर मिलना चाहिए। बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूकता और सामुदायिक सहयोग को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।