न्यूयॉर्क : अमेरिका में थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के दौरान आए शक्तिशाली तूफान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। पूर्वी तट और मिडवेस्ट के कई इलाकों में तेज हवाओं, भारी बारिश और बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हुआ। पेड़ गिरने से घरों और बिजली की लाइनों को नुकसान पहुंचा, जबकि हवाई यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। गुरुवार शाम तक 9 लाख से ज्यादा घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की बिजली गुल हो चुकी थी। 2,200 से अधिक उड़ानों में देरी हुई और 400 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। तूफान का सबसे ज्यादा असर अमेरिका के पूर्वी हिस्से में देखने को मिला। खराब मौसम के कारण न्यूयॉर्क की मशहूर मैसीज थैंक्सगिविंग डे परेड को भी टालना पड़ा। यह परेड 28 नवंबर, शनिवार को आयोजित की जाएगी।
100वीं मैसीज परेड पहली बार थैंक्सगिविंग के दिन नहीं हुई
न्यूयॉर्क में हर साल आयोजित होने वाली मैसीज थैंक्सगिविंग डे परेड इस बार अपने 100वें आयोजन के लिए तैयार थी। लेकिन तेज हवाओं और भारी बारिश के खतरे को देखते हुए आयोजकों और शहर प्रशासन ने इसे शनिवार तक स्थगित करने का फैसला किया। आयोजकों के मुताबिक, परेड में शामिल विशाल गुब्बारों को तेज हवाओं में नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में कलाकारों, स्वयंसेवकों और दर्शकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कार्यक्रम की तारीख बदली गई। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान 1942, 1943 और 1944 में संसाधनों की कमी के कारण परेड आयोजित नहीं हुई थी। हालांकि, खराब मौसम के कारण इसे थैंक्सगिविंग के दिन से दूसरी तारीख पर स्थानांतरित करना पहली बार हुआ है।
1997 में 'कैट इन द हैट' गुब्बारे से हुआ था हादसा
मैसीज परेड में बड़े-बड़े किरदारों के गुब्बारे मुख्य आकर्षण होते हैं। लेकिन तेज हवाओं के दौरान इन गुब्बारों से हादसे का खतरा भी रहता है। वर्ष 1997 में तेज हवाओं के कारण 'कैट इन द हैट' का करीब 18 फीट ऊंचा गुब्बारा नियंत्रण से बाहर होकर लैम्पपोस्ट से टकरा गया था। इस घटना में एक दर्शक गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। इसके बाद गुब्बारों को उड़ाने के लिए हवा की गति से जुड़े सुरक्षा नियम सख्त किए गए।
पेंसिल्वेनिया, मैरीलैंड और वर्जीनिया में बिजली संकट
तूफान के कारण अमेरिका के पूर्वी तट के कई राज्यों में तेज हवाओं और बारिश से पेड़ गिर गए। कई जगह पेड़ घरों, सड़कों और बिजली की लाइनों पर जा गिरे, जिससे बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति बाधित हुई। पेंसिल्वेनिया, मैरीलैंड और वर्जीनिया समेत कई राज्यों में बिजली कटौती का असर दिखाई दिया। बिजली आपूर्ति पर नजर रखने वाली वेबसाइट PowerOutage के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार शाम तक अमेरिका के मिडवेस्ट और पूर्वोत्तर क्षेत्र में करीब 9 लाख बिजली उपभोक्ता प्रभावित थे। मैरीलैंड में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के कारण पानी की सप्लाई पर भी दबाव पड़ने की आशंका जताई गई। अधिकारियों ने करीब 20 लाख लोगों से नल के पानी का इस्तेमाल सीमित रखने की अपील की। तेज हवाओं और समुद्र में बढ़ते जलस्तर के कारण कुछ बड़े पुलों को भी बंद करना पड़ा। वर्जीनिया के चेसापीक बे ब्रिज-टनल पर यातायात रोक दिया गया। अधिकारियों ने लोगों से गैरजरूरी यात्रा से बचने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा।
न्यू जर्सी में इमरजेंसी, गवर्नर ने जारी की चेतावनी
खराब मौसम को देखते हुए न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने बुधवार को राज्य में आपातकाल घोषित कर दिया था। उन्होंने लोगों से मोबाइल फोन और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज रखने, बिजली कटने की स्थिति में संबंधित कंपनी को सूचना देने और टूटे बिजली के तारों से दूर रहने की अपील की। बिजली कटौती के बीच भी कुछ लोगों ने थैंक्सगिविंग का त्योहार मनाया। मशहूर शेफ जोस एंड्रेस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें मोमबत्तियों की रोशनी में खाना तैयार किया जा रहा था। वीडियो में गैस के चूल्हे पर लॉबस्टर पकाते हुए देखा गया।
कैलिफोर्निया में भी ऊंची लहरें और भारी बारिश
अमेरिका के पश्चिमी हिस्से कैलिफोर्निया में भी खराब मौसम का असर देखने को मिला। समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तटीय इलाकों में बाढ़ के खतरे के कारण कुछ स्थानों से लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। सैन फ्रांसिस्को समेत कई इलाकों में भारी बारिश हुई। उत्तरी कैलिफोर्निया से लेकर वेंचुरा काउंटी तक समुद्र में ऊंची लहरों और तटीय बाढ़ ने परेशानी बढ़ाई। कुछ जगहों पर सड़कों और परिवहन सेवाओं पर भी असर पड़ा। अमेरिका में थैंक्सगिविंग के दौरान आए इस तूफान ने छुट्टियों के सफर, पारिवारिक आयोजनों और सार्वजनिक कार्यक्रमों को प्रभावित किया। प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पानी और यातायात व्यवस्था बहाल करने में जुटी रहीं।