रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम साफ होने और आसमान से बादल छंटने के बाद ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है। प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में रात के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बलरामपुर-रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि सूरजपुर में पारा 9.4 डिग्री और सरगुजा में 9.2 डिग्री दर्ज किया गया। सूरजपुर में तापमान सामान्य से 7.1 डिग्री नीचे चला गया है। प्रदेश के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। वहीं मैदानी इलाकों में भी रात के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है।
बलरामपुर में सबसे ज्यादा ठंड, सूरजपुर में सामान्य से 7.1 डिग्री नीचे पारा
छत्तीसगढ़ में ठंड का सबसे ज्यादा असर सरगुजा संभाग में देखने को मिल रहा है। यहां रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।बलरामपुर-रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं सूरजपुर में पारा 9.4 डिग्री और सरगुजा में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।तापमान में सामान्य से काफी गिरावट आने के कारण इन इलाकों में रात और सुबह के समय ठंड बढ़ गई है।
13 जिलों में 15 डिग्री से नीचे पहुंचा न्यूनतम तापमान
प्रदेश में ठंड का दायरा बढ़ता जा रहा है। उत्तर छत्तीसगढ़ के साथ मैदानी इलाकों के कई जिलों में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।तापमान में सामान्य से बड़ी गिरावट वाले जिलों में सूरजपुर, बालोद और बेमेतरा प्रमुख हैं।
- सूरजपुर: सामान्य से 7.1 डिग्री कम तापमान।
- बालोद: सामान्य से 6.6 डिग्री कम तापमान।
- बेमेतरा: सामान्य से 6.5 डिग्री कम तापमान।
प्रदेश के कुल 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है। मौसम साफ होने के कारण रात में धरती की गर्मी तेजी से बाहर निकल रही है, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है।
मौसम फिलहाल ड्राई, कोई अलर्ट जारी नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, लेकिन इसका प्रदेश के मौसम पर कोई खास प्रभाव देखने को नहीं मिल रहा है।फिलहाल मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।आसमान साफ रहने के कारण आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट का असर बना रह सकता है। हालांकि दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं हो रही है।
रायपुर में 28.7 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
राजधानी रायपुर में भी रात के तापमान में हल्की गिरावट का असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री दर्ज किया गया।अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक दर्ज हुआ।
आज रायपुर का संभावित मौसम
- अधिकतम तापमान: 29 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान: 15 डिग्री सेल्सियस
- मौसम: आसमान साफ रहने का अनुमान
राजधानी में दिन के समय धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहेगा, लेकिन सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस हो सकती है।
उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के तापमान में 12.2 डिग्री का अंतर
छत्तीसगढ़ के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिल रहा है। उत्तर छत्तीसगढ़ में जहां रात का तापमान 8.8 डिग्री तक गिर गया है, वहीं दक्षिणी हिस्से के बस्तर संभाग में अभी भी रातें अपेक्षाकृत गर्म बनी हुई हैं।बस्तर संभाग के अलग-अलग जिलों में न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।बलरामपुर-रामानुजगंज में सबसे कम 8.8 डिग्री तापमान रहा, जबकि सुकमा में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। इस तरह दोनों जिलों के रात के तापमान में 12.2 डिग्री सेल्सियस का अंतर है।इससे साफ है कि प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर ज्यादा है, जबकि बस्तर संभाग में फिलहाल रात का मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है।
मैदानी इलाकों में भी बढ़ने लगी ठिठुरन
मौसम साफ होने के बाद मैदानी इलाकों में भी रात की ठंड बढ़ने लगी है। हालांकि दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट नहीं आई है, लेकिन सुबह और देर रात के समय ठंड का असर महसूस किया जा रहा है।आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने और आसमान साफ रहने की स्थिति में रात के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।