लखनऊ: उत्तरप्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मुजफ्फरनगर 9.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं कानपुर में 9.2°C, हरदोई में 9.5°C और इटावा में 9.6°C तापमान दर्ज किया गया। रात के साथ अब दिन में भी ठंड बढ़ने लगी है और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा, कई शहरों में 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
उत्तरप्रदेश में नवंबर के आखिरी दिनों में रात की ठंड बढ़ने लगी है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।प्रदेश में मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 9.1°C तक पहुंच गया। इसके अलावा प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा
शहर न्यूनतम तापमान
मुजफ्फरनगर 9.1°C
कानपुर 9.2°C
हरदोई 9.5°C
इटावा 9.6°C
तापमान में गिरावट के कारण सुबह और रात के समय लोगों को ठिठुरन महसूस होने लगी है। मौसम में बदलाव के साथ गर्म कपड़ों की जरूरत भी बढ़ गई है।
20 शहरों में घना कोहरा, बलरामपुर में विजिबिलिटी 10 मीटर
गुरुवार को प्रदेश के करीब 20 शहरों में घने कोहरे का असर देखने को मिला। लखीमपुर, बलरामपुर, बिजनौर, मऊ और गोंडा समेत कई जिलों में सुबह के समय दृश्यता काफी कम रही।बलरामपुर में स्थिति सबसे ज्यादा प्रभावित रही। यहां विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि सड़क पर 10 मीटर दूर तक देखना मुश्किल हो गया। कोहरे के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और गाड़ियां रेंगती नजर आईं।सुबह के समय ठंड और कोहरे से बचने के लिए कई जगह लोग अलाव तापते दिखाई दिए। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अगले 7 दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में अगले सात दिनों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। सुबह और रात के समय कोहरे का प्रभाव ज्यादा रहने की संभावना है।मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि जरूरी होने पर ही सुबह और देर रात घर से बाहर निकलें। वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाएं।इसके अलावा बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की सलाह दी गई है, क्योंकि तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर और बढ़ सकता है।
पछुआ हवाओं से 5 से 6 डिग्री तक गिरेगा तापमान
उत्तर प्रदेश में अब कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होने वाला है। आने वाले दिनों में कोहरा और घना होगा, जबकि धूप का असर धीरे-धीरे कम होता जाएगा।उन्होंने बताया कि अगले एक सप्ताह में ठंडी पछुआ हवाओं के प्रभाव से तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे दिन का अधिकतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने का अनुमान है।इस बदलाव के बाद प्रदेश में दिन और रात दोनों समय ठंड का असर बढ़ेगा। खासकर सुबह और शाम के समय लोगों को ज्यादा सर्दी महसूस हो सकती है।
दिन में भी कम होने लगा धूप का असर
अब तक प्रदेश के कई इलाकों में दिन के समय धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही थी, लेकिन तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे आने के बाद दिन में भी ठंड महसूस होने लगी है।आने वाले दिनों में पछुआ हवाओं और घने कोहरे के कारण धूप कमजोर पड़ सकती है। मौसम में इस बदलाव के चलते प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ने की संभावना है।