लखनऊ: उत्तरप्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में शासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। बेसिक शिक्षा अनुभाग-1 की ओर से जारी आदेश के तहत प्रदेश के 15 जिलों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) के तबादले किए गए हैं। इस बदलाव में अमेठी, अयोध्या, मेरठ, अमरोहा, मिर्जापुर, कौशांबी, बलिया, मऊ, एटा, संतकबीर नगर समेत कई जिले शामिल हैं। कई जिलों में अधिकारियों की आपस में अदला-बदली की गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को डायट में वरिष्ठ प्रवक्ता के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है।
15 जिलों में BSA के तबादले
उत्तर प्रदेश शासन की ओर से जारी तबादला आदेश में कई जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। इस फेरबदल का उद्देश्य विभागीय प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करना है।मेरठ और अमरोहा में अधिकारियों की अदला-बदली की गई है। मेरठ की BSA आशा चौधरी को अमरोहा भेजा गया है, जबकि अमरोहा की BSA मोनिका को मेरठ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह मिर्जापुर और कौशांबी में भी बदलाव किया गया है। कौशांबी के BSA कर्मेन्द्र कुशवाहा को मिर्जापुर और मिर्जापुर के BSA अनिल कुमार वर्मा को कौशांबी भेजा गया है।शासन के आदेश के अनुसार बलिया और मऊ में भी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को बदला गया है।
- बलिया के BSA मनीष कुमार सिंह को मऊ भेजा गया है।
- मऊ के BSA संतोष कुमार उपाध्याय को बलिया की जिम्मेदारी दी गई है।
- संतकबीर नगर के BSA अमित कुमार सिंह को इटावा भेजा गया है।
- इटावा के BSA राजेश कुमार को संतकबीर नगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन तबादलों के बाद संबंधित जिलों में बेसिक शिक्षा विभाग की कमान नए अधिकारियों के हाथ में होगी।
अयोध्या, अमेठी और लखीमपुर खीरी में बड़ा बदलाव
तबादला सूची में अयोध्या, अमेठी और लखीमपुर खीरी के अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं।
अयोध्या के BSA लालचन्द्र को अमेठी का नया BSA बनाया गया है। वहीं अमेठी के BSA संजय तिवारी को लखीमपुर खीरी भेजा गया है।
इसके अलावा बस्ती के BSA अनूप कुमार को अयोध्या की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि लखीमपुर खीरी के BSA प्रवीन कुमार तिवारी को बस्ती भेजा गया है।
गौतमबुद्ध नगर के BSA राहुल पवार को गाजियाबाद का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। वहीं गाजियाबाद के BSA ओम प्रकाश यादव को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), बलिया में वरिष्ठ प्रवक्ता के पद पर भेजा गया है।