मध्यप्रदेश में मानसून अब धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगा है। 18 जून को दस्तक देने के बाद बालाघाट जिले में अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को मंगलवार को राहत मिली। सुबह से छाए बादल दोपहर बाद जमकर बरसे, जिससे मौसम सुहावना हो गया और किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
किसानों के लिए राहत बनी बारिश
सोमवार के बाद मंगलवार को भी जिले के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। जिला मुख्यालय के साथ-साथ तहसील और ग्रामीण इलाकों में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई। धान की बोवाई का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह बारिश काफी लाभदायक मानी जा रही है। दोपहर करीब एक बजे तेज बारिश का दौर शुरू हुआ, जो लगभग एक घंटे तक चला। इसके बाद रुक-रुक कर बारिश होती रही। लगातार वर्षा के कारण तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
जून में सामान्य से कम हुई बारिश
हालांकि मानसून बालाघाट में 9 दिन की देरी से पहुंचा और पूरे जून महीने में अपेक्षित बारिश नहीं हुई। भू-अभिलेख विभाग के अनुसार, 1 से 30 जून तक जिले में औसतन 61 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 148 मिमी बारिश हुई थी। यानी इस बार जून में 87 मिमी कम वर्षा रिकॉर्ड की गई। जिले की सामान्य वार्षिक औसत वर्षा 1447 मिमी निर्धारित है।
1 से 7 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, 1 से 7 जुलाई के बीच बालाघाट जिले में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है।
इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
कई इलाकों में हुई अच्छी बारिश
मंगलवार को जिला मुख्यालय के अलावा वारासिवनी, बैहर, रामपायली, उकवा, तिरोड़ी, खैरलांजी सहित कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। ग्रामीण इलाकों में पर्याप्त वर्षा होने के बाद किसानों ने धान की बोवाई का कार्य तेज कर दिया है।
वारासिवनी में सबसे अधिक वर्षा
चालू वर्षा सत्र में वारासिवनी तहसील में सबसे अधिक 157 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि खैरलांजी तहसील में सबसे कम 7 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा बालाघाट में 72 मिमी, बैहर में 62 मिमी, लांजी में 71 मिमी, कटंगी में 18 मिमी, किरनापुर में 63 मिमी, लालबर्रा में 50 मिमी, बिरसा में 27 मिमी, परसवाड़ा में 59 मिमी और तिरोड़ी में 79 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।