रायपुर | छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंत्रालय और विभागाध्यक्ष कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। 31 अक्टूबर 2026 को समाप्त होने वाली स्टाफ बस सेवा की अवधि बढ़ाकर अब 30 अप्रैल 2027 तक कर दी गई है। राज्य सरकार ने एक नवंबर 2026 से 30 अप्रैल 2027 तक बसों का संचालन जारी रखने की मंजूरी दी है।
प्रति बस पास की मासिक दर 3,066 रुपये प्रस्तावित
सरकार ने विस्तारित अवधि के लिए प्रति बस पास 3,066 रुपये की मासिक प्रस्तावित दर को मंजूरी दी है। इस फैसले से मंत्रालय और विभागाध्यक्ष कार्यालयों में आने-जाने वाले कर्मचारियों को अगले छह महीने तक मौजूदा बस सेवा का लाभ मिलता रहेगा।
नई व्यवस्था या निविदा पूरी होने तक जारी रहेगी सेवा
सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव पुलक भट्टाचार्य ने रायपुर नगर निगम आयुक्त और नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। पत्र के अनुसार, नई व्यवस्था लागू होने या निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक वर्तमान बस संचालन व्यवस्था जारी रहेगी। यह अवधि अधिकतम छह महीने की होगी। इस दौरान एनआरडीए को बस संचालन के लिए मौजूदा अनुबंध की अवधि बढ़ाने के लिए अधिकृत किया गया है।
बसों के मेंटेनेंस और जांच पर रहेगा जोर
राज्य सरकार ने बसों के नियमित रखरखाव और जांच के निर्देश भी दिए हैं। यदि कोई बस खराब होती है, तो उसके स्थान पर जल्द दूसरी बस उपलब्ध करानी होगी। किसी बस के अचानक खराब होने की स्थिति में तत्काल वैकल्पिक बस की व्यवस्था करना अनिवार्य होगा।
चालकों और परिचालकों के मेडिकल परीक्षण के निर्देश
निर्देशों में बस चालकों और परिचालकों का नियमित मेडिकल परीक्षण कराने तथा कर्मचारियों के साथ उचित व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है। इसके अलावा, बसों का संचालन सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार करना होगा। इस फैसले से मंत्रालय और विभागाध्यक्ष कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों को फिलहाल छह महीने तक स्टाफ बस सेवा जारी रहने से राहत मिलेगी।