अमेरिका-ईरान तनाव के बीच एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ अब नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया भी प्रभावित हो गई है। राजधानी भोपाल में पिछले तीन महीनों से नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन का इंतजार कर रहे हजारों उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही है।
ऑनलाइन पोर्टल बंद, हजारों आवेदन लंबित
ऑयल कंपनियों ने नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी करने के लिए अपना ऑनलाइन पोर्टल फिलहाल बंद कर दिया है। इसका सबसे ज्यादा असर भोपाल में देखने को मिल रहा है, जहां करीब 8 हजार नए कनेक्शन के आवेदन लंबित पड़े हैं। इस स्थिति से सबसे अधिक छात्र, नौकरीपेशा लोग और किराए के मकानों में रहने वाले उपभोक्ता प्रभावित हो रहे हैं।
ब्लैक में महंगा मिल रहा घरेलू गैस सिलिंडर
नए कनेक्शन नहीं मिलने के कारण कई उपभोक्ताओं को ब्लैक में गैस सिलिंडर खरीदना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले जहां घरेलू सिलिंडर 1,000 से 1,500 रुपये में मिल जाता था, वहीं अब इसके लिए 2,500 से 3,000 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं। कई बार गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने के बावजूद नए कनेक्शन नहीं मिल रहे हैं।
5 किलो वाले छोटे सिलिंडर बने राहत का सहारा
स्थिति को देखते हुए ऑयल कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलिंडर के विकल्प के रूप में 5 किलोग्राम क्षमता वाले छोटे सिलिंडर उपलब्ध कराए हैं। भोपाल की 41 गैस एजेंसियों को करीब 6 हजार छोटे सिलिंडर भेजे गए, जिनमें से साढ़े चार हजार से अधिक सिलिंडर की बिक्री हो चुकी है।
अगले महीने शुरू हो सकता है पोर्टल
जिला आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि नए घरेलू गैस कनेक्शन शुरू करने को लेकर ऑयल कंपनियों से लगातार चर्चा की जा रही है। युद्धविराम की घोषणा के बाद उम्मीद है कि अगले महीने से ऑनलाइन पोर्टल दोबारा शुरू हो सकता है और लंबित आवेदनों पर निर्णय लिया जाएगा।