भोपाल- राजधानी भोपाल से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सीधी हवाई सेवा बुधवार से शुरू हो गई। इंडिगो की पहली फ्लाइट के भोपाल पहुंचने पर एयरपोर्ट पर पारंपरिक वाटर कैनन सलामी देकर स्वागत किया गया। नई सेवा शुरू होने से भोपाल और दिल्ली-एनसीआर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को एक नया और सुविधाजनक विकल्प मिल गया है।
पहले दिन 41 यात्री पहुंचे भोपाल
पहले दिन नोएडा से भोपाल आने वाली इंडिगो की पहली फ्लाइट में 41 यात्री पहुंचे, जबकि भोपाल से 12 यात्रियों ने नई उड़ान सेवा का लाभ उठाया। शुरुआती दिनों में यात्री संख्या अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन को आने वाले समय में यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
जानिए फ्लाइट का पूरा शेड्यूल
नई सेवा के तहत इंडिगो की फ्लाइट 6E-7653 शाम 5:20 बजे नोएडा से उड़ान भरकर 6:50 बजे भोपाल पहुंचती है। वहीं वापसी में फ्लाइट 6E-7654 शाम 7:10 बजे भोपाल से रवाना होकर रात 9:25 बजे नोएडा पहुंचती है। इस रूट पर 72 सीटों वाले ATR विमान का संचालन किया जा रहा है। फिलहाल एक तरफ का किराया करीब 4,600 रुपये रखा गया है।
दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को मिलेगा फायदा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी मिलने के बाद भोपाल के यात्रियों को दिल्ली-एनसीआर तक पहुंचने में अधिक सुविधा मिलेगी। इसके अलावा यात्री नोएडा से देश और विदेश के विभिन्न शहरों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट भी आसानी से पकड़ सकेंगे। इससे खासतौर पर कारोबारी यात्रियों और नियमित हवाई यात्रा करने वालों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली रूट पर बढ़ा एक और विकल्प
भोपाल से दिल्ली-एनसीआर जाने वाले यात्रियों के लिए अब उड़ानों का एक और विकल्प उपलब्ध हो गया है। वर्तमान में भोपाल और दिल्ली के बीच एयर इंडिया की दो तथा इंडिगो की तीन उड़ानें संचालित हो रही हैं। नई नोएडा सेवा शुरू होने से यात्रियों को अधिक लचीलापन और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।