मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज राजगढ़ जिले के भैंसवामाता में आयोजित कार्यक्रम में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का समापन करेंगे। इस अवसर पर वे जल संरक्षण से जुड़े उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान करेंगे और करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।
3.62 लाख से अधिक जल संरक्षण कार्य हुए पूरे
राज्यभर में चलाए गए इस अभियान के दौरान ग्रामीण, नगरीय, वन, सिंचाई, शिक्षा और औद्योगिक क्षेत्रों सहित विभिन्न स्तरों पर 3.62 लाख से अधिक जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए। अभियान के माध्यम से भू-जल संवर्धन, जल गुणवत्ता परीक्षण, वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग), नदी पुनर्जीवन और जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता को नई गति मिली।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान
समापन समारोह में जल संरक्षण और श्रमदान में उल्लेखनीय योगदान देने वाली ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों, शासकीय विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जलदूतों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवा संगठनों, किसानों तथा शैक्षणिक एवं निजी संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
जल संरक्षण का दिलाया जाएगा सामूहिक संकल्प
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा जाएगा और जनप्रतिनिधियों व नागरिकों को जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के रखरखाव का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। साथ ही वर्षा ऋतु के दौरान "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधारोपण का आह्वान भी किया जाएगा।
352 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर 352 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इसके अलावा 1 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले "विकसित भारत-ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB GRAM G)" की भी जानकारी दी जाएगी।