मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सिवनी जिले में आयोजित राज्य स्तरीय धान महोत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान वे किसानों और ग्रामीण विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ करेंगे तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।
₹494.16 करोड़ के 629 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सिवनी जिले के लिए ₹494.16 करोड़ की लागत से तैयार 629 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य जिले में बुनियादी सुविधाओं और ग्रामीण विकास को नई गति देना है।
कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
धान महोत्सव में मुख्यमंत्री राज्य के 3,941 कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों के बैंक खातों में ₹2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे। यह सहायता किसानों को ₹1,000 प्रति क्विंटल की दर से प्रदान की जा रही है, जिससे मिलेट्स उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
कृषि और स्थानीय उत्पादों की लगेगी विशेष प्रदर्शनी
महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा थीम आधारित विकास प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में आधुनिक कृषि यंत्र, प्राकृतिक खेती, जीआई टैग उत्पाद, मिलेट्स, आम की विभिन्न किस्मों तथा स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।
किसानों को मिलेगी नई तकनीकों की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान किसानों को डिजिटल भूमि रिकॉर्ड, कृषिका ऐप, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक और योजनाओं से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना है।