भोपाल। कांग्रेस नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के 'दलाल' वाले बयान पर मचे राजनीतिक विवाद के बीच उन्होंने अपनी सफाई पेश की है। दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका बयान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के लिए नहीं, बल्कि एक पत्रकार के संदर्भ में था। वहीं, इस पूरे विवाद पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
'दलाल' बयान पर दिग्विजय सिंह ने दी सफाई
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने किसी भी बयान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी या पार्टी के किसी नेता को 'दलाल' नहीं कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका बयान एक रिपोर्ट प्रकाशित करने वाले पत्रकार भूपेंद्र दलाल के संदर्भ में था, जिसे गलत तरीके से पेश किया गया।
जीतू पटवारी को बताया बेटे जैसा
दिग्विजय सिंह ने कहा कि जीतू पटवारी उनके बेटे समान हैं और पार्टी के भीतर किसी तरह का मनमुटाव या नेतृत्व संघर्ष नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और राज्य सरकार के खिलाफ जनता के मुद्दों को लेकर अपनी लड़ाई जारी रखेगी। यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि मेरे और जीतू पटवारी के बीच विवाद है, जबकि ऐसा कुछ नहीं है। इससे पहले दिग्विजय सिंह ने उज्जैन में सरकारी न्यास को एक रुपये में जमीन दिए जाने को नियमों के अनुरूप बताते हुए कहा था कि कुछ "दलाल किस्म के लोग" झूठे आरोप लगाकर ब्लैकमेलिंग का खेल खेलते हैं। वहीं, जीतू पटवारी ने आरोप लगाया था कि करीब 500 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन एक ट्रस्ट को मात्र एक रुपये में दी गई है। दोनों नेताओं के अलग-अलग बयानों को लेकर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा था, जिसके बाद दिग्विजय सिंह ने अपनी स्थिति स्पष्ट की।
BJP का कांग्रेस पर पलटवार
दिग्विजय सिंह की सफाई के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व संकट, गुटबाजी और आंतरिक कलह से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता जनता के मुद्दों की बजाय आपसी वर्चस्व की लड़ाई में उलझे हुए हैं। हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी के बीच लंबे समय से चल रहा नेतृत्व संघर्ष अब संगठन के हर स्तर पर दिखाई दे रहा है। इससे कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति बनी हुई है और कांग्रेस का संगठन दिशाहीन हो गया है।
'मीडिया की सुर्खियां बटोरने की कोशिश'
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलताओं और गुटबाजी से ध्यान हटाने के लिए तथ्यहीन बयानबाजी कर मीडिया की सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की इस राजनीति को अच्छी तरह समझती है।