जबलपुर। तिलवारा क्षेत्र स्थित दद्दा घाट पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। नर्मदा नदी में स्नान के दौरान दो किशोर और एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सभी दोस्त मोहर्रम के बाद घूमने के लिए निकले थे और दद्दा घाट पहुंचकर नहाने लगे। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और नदी में डूब गए।
मृतकों की पहचान शेख साहिल (19 वर्ष), मोइन खान (16 वर्ष) और शेख आशिक उर्फ राजा (15 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों गढ़ा क्षेत्र के मुजावर मोहल्ला के निवासी थे। घटना की सूचना मिलने पर तिलवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
दोस्त को बचाने के प्रयास में तीनों की चली गई जान
जानकारी के अनुसार, गढ़ा क्षेत्र के आठ दोस्त शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे घूमने के लिए घर से निकले थे। दद्दा घाट पहुंचने के बाद सभी ने नर्मदा नदी में स्नान करने का फैसला किया। नहाते समय शेख साहिल गहरे पानी में पहुंचकर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए पहले आशिक नदी में पहुंचा, लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव में फंस गया। दोनों को संघर्ष करते देख मोइन भी उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गया, लेकिन वह भी संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते तीनों नदी में समा गए।
बचाने की हर कोशिश रही नाकाम
घटना को देखकर अन्य दोस्तों ने शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी। उन्होंने बेल्ट और कपड़ों के सहारे तीनों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके। कुछ ही पलों में तीनों युवक नदी की गहराई में लापता हो गए।
एक घंटे की तलाश के बाद मिले शव
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन, स्थानीय लोग और गोताखोर मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद घटनास्थल के पास से तीनों के शव बरामद कर लिए गए।