भोपाल। रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कानपुर सेंट्रल और मदुरै के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 1 जुलाई से शुरू होगी और इसका सीधा फायदा मध्यप्रदेश के बीना, भोपाल और इटारसी के यात्रियों को मिलेगा। दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को अब मदुरै के लिए सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी।
1 जुलाई से शुरू होगी स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 01925 कानपुर सेंट्रल–मदुरै स्पेशल 1 जुलाई से 29 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार संचालित होगी। यह ट्रेन कुल 5 फेरे लगाएगी। ट्रेन कानपुर सेंट्रल से सुबह 8:10 बजे रवाना होगी और दोपहर 3:40 बजे बीना, शाम 5:20 बजे भोपाल तथा शाम 7:25 बजे इटारसी पहुंचेगी।
4 जुलाई से चलेगी वापसी की ट्रेन
वापसी में गाड़ी संख्या 01926 मदुरै–कानपुर सेंट्रल स्पेशल 4 जुलाई से 1 अगस्त तक प्रत्येक शनिवार चलाई जाएगी। यह ट्रेन भी कुल 5 फेरे लगाएगी और वापसी के दौरान इटारसी, भोपाल और बीना स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
यह स्पेशल ट्रेन झांसी, नागपुर, विजयवाड़ा, रेणिगुंटा, कटपडी, सेलम और डिंडीगुल सहित कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगी। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए सामान्य श्रेणी, स्लीपर, थर्ड एसी और सेकेंड एसी सहित कुल 22 कोच लगाए गए हैं।
यात्रा से पहले समय और आरक्षण की करें जांच
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन के समय, स्टॉपेज और आरक्षण की स्थिति की आधिकारिक जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।