मध्यप्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। 24 जून को प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से के 15 जिलों में पहुंचने के बाद पिछले तीन दिनों से मानसून आगे नहीं बढ़ पाया है। मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मौसम की परिस्थितियां अनुकूल होने पर मानसून फिर सक्रिय होगा और तेजी से आगे बढ़ेगा। इस बीच आज प्रदेश के 43 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून फिलहाल दक्षिण-पूर्वी क्षेत्रों तक सीमित है। मौसम प्रणाली के अनुकूल होते ही यह सबसे पहले भोपाल और उज्जैन संभाग में पहुंचेगा। वहीं ग्वालियर-चंबल संभाग में मानसून की एंट्री सबसे बाद में होने की संभावना जताई गई है।
24 जून को इन जिलों में हुई थी एंट्री
प्रदेश में मानसून ने 24 जून को दस्तक दी थी। उस दिन अलीराजपुर, इंदौर, धार, हरदा, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जिलों में मानसून के पहुंचने की आधिकारिक घोषणा की गई थी।
कई इलाकों में हुई अच्छी बारिश
शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी देखने को मिली। सिवनी में करीब 2 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा उज्जैन, शुजालपुर, अकोदिया सहित कई शहरों और कस्बों में भी अच्छी बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
तापमान में गिरावट
बारिश की वजह से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई. खरगोन में तापमान गिरकर 30°C तक पहुंच गया. खंडवा में यह 30.1°C, सागर में 31.1°C, छिंदवाड़ा में 31.8°C, बैतूल में 32.7°C, सिवनी और उमरिया में 33.2°C, धार में 33.4°C और नर्मदापुरम में 33.8°C दर्ज किया गया.