भोपाल। भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश अपने संगठन को तकनीकी रूप से और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। अब बूथ से लेकर मंडल स्तर तक के कार्यकर्ताओं को डिजिटल ट्रेनिंग के बाद ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी। परीक्षा में सफल होने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी की ओर से प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेट) भी दिया जाएगा।
पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान शुरू
भाजपा ने कार्यकर्ताओं के वैचारिक और संगठनात्मक कौशल को मजबूत करने के उद्देश्य से 'पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान' शुरू किया है। यह अभियान 23 जून से शुरू होकर 6 जुलाई तक चलेगा। इसके तहत बूथ और मंडल स्तर के सक्रिय कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
संगठन ऐप पर होगी पूरी प्रक्रिया
पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालित किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं को पार्टी के 'संगठन ऐप' के माध्यम से प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद ऑनलाइन परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें संगठन, विचारधारा और कार्यप्रणाली से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।
सफल कार्यकर्ताओं को मिलेगा प्रमाणपत्र
ऑनलाइन परीक्षा में सफल होने वाले कार्यकर्ताओं को भाजपा की ओर से आधिकारिक सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। पार्टी का मानना है कि इससे कार्यकर्ताओं का ज्ञान बढ़ेगा और संगठनात्मक दक्षता भी मजबूत होगी।
भविष्य में मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह सर्टिफिकेट केवल प्रशिक्षण का प्रमाण नहीं होगा, बल्कि भविष्य में संगठन के भीतर जिम्मेदारियां और महत्वपूर्ण पद तय करने में भी इसकी भूमिका हो सकती है। ऐसे में ऑनलाइन परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे संगठन में प्राथमिकता मिलने की संभावना जताई जा रही है।