मध्यप्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के आधे से अधिक हिस्सों में मानसून सक्रिय हो चुका है, जबकि ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में अगले कुछ दिनों के भीतर इसकी एंट्री होने की संभावना जताई गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, मानसून धीमी गति से आगे बढ़ रहा है, लेकिन बीते कुछ घंटों में इसने प्रदेश के कई नए क्षेत्रों को कवर कर लिया है। फिलहाल मानसून भोपाल, सागर और पन्ना तक पहुंच चुका है। वहीं नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, खंडवा समेत 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
जानिए प्रदेश में कहां तक पहुंचा मानसून?
आंशिक रूप से मानसून की दस्तक
रतलाम, उज्जैन, आगर मालवा, राजगढ़, गुना, अशोकनगर, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंच चुका है।
अधिकांश हिस्सों में सक्रिय मानसून
इंदौर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, देवास, सीहोर, भोपाल, शाजापुर, विदिशा, नर्मदापुरम, हरदा, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, सिवनी, बालाघाट, मंडला, सागर, दमोह, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, सीधी, सिंगरौली, मैहर, मऊगंज, रीवा, सतना और पन्ना जिलों के अधिकांश क्षेत्रों में मानसून सक्रिय हो गया है।
इन जिलों में अब भी इंतजार
मंदसौर, नीमच, शिवपुरी, निवाड़ी, श्योपुर, दतिया, भिंड, ग्वालियर और मुरैना जिलों में अभी मानसून नहीं पहुंचा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में यहां भी मानसून के पहुंचने की संभावना है।