मध्य प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के दूसरे चरण की सीट आवंटन सूची जारी कर दी है। इस चरण में प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों में कुल 18,563 अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की गई हैं।
4 जुलाई तक फीस जमा करना जरूरी
दूसरे चरण में सीट पाने वाले सभी अभ्यर्थियों को 29 जून से 4 जुलाई 2026 के बीच ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा तक फीस जमा नहीं करने पर आवंटित सीट स्वतः निरस्त कर दी जाएगी।
अब तक 35 हजार से अधिक छात्रों को मिला प्रवेश
प्रवेश प्रक्रिया के पहले और दूसरे चरण को मिलाकर अब तक 35,419 विद्यार्थियों को शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में सीट आवंटित की जा चुकी है। पहले चरण में 16,856 और दूसरे चरण में 18,563 अभ्यर्थियों को कॉलेज आवंटित हुए हैं।
करीब एक लाख छात्रों ने कराया पंजीयन
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के लिए अब तक 99,597 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 78,784 छात्रों के दस्तावेजों का सत्यापन पूरा हो चुका है। वहीं, दूसरे चरण में 21,242 अभ्यर्थियों ने चॉइस फिलिंग की थी, जिनमें से योग्यता के आधार पर 18,563 को सीटें आवंटित की गईं।
UG-PG सहित 2.78 लाख से ज्यादा एडमिशन
विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, नए शैक्षणिक सत्र में छात्रों का रुझान उच्च शिक्षा की ओर लगातार बढ़ रहा है। शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के अलावा स्नातक (UG), स्नातकोत्तर (PG) और अन्य पारंपरिक व व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अब तक 2.78 लाख से अधिक विद्यार्थी प्रवेश ले चुके हैं।