भोपाल। मध्यप्रदेश में वर्ष 2009 से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) आयोजित करने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। संभावना है कि यह परीक्षा अगस्त महीने में आयोजित की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग ने परीक्षा के लिए एक लाख से अधिक शिक्षकों की सूची तैयार कर ली है। इसके बाद कर्मचारी चयन मंडल (ESB) भी परीक्षा आयोजन की तैयारियों में जुट गया है।
समर्थ पोर्टल पर अपलोड किए गए विषयवार वीडियो
शिक्षकों की परीक्षा तैयारी को आसान बनाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने समर्थ पोर्टल पर विषयवार अध्ययन सामग्री और वीडियो उपलब्ध कराए हैं। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित शिक्षकों को इन वीडियो की जानकारी दें और उन्हें मोबाइल पर डाउनलोड कर अध्ययन करने के लिए प्रेरित करें। विभाग का उद्देश्य शिक्षकों को परीक्षा के लिए बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है।
2009 से पहले नियुक्त शिक्षकों की पहली पात्रता परीक्षा
स्कूल शिक्षा विभाग के लगभग 70 हजार और जनजातीय कार्य विभाग के करीब 35 हजार शिक्षकों को इस परीक्षा में शामिल किया जाएगा। ये सभी शिक्षक वर्ष 2009 से पहले नियुक्त हुए थे। शिक्षा का अधिकार (RTE) कानून लागू होने के बाद पहली बार इन शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा की संभावना को देखते हुए कई शिक्षकों ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है।
कार्यरत जिले में ही मिलेगा परीक्षा केंद्र
कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा के लिए प्रदेशभर में परीक्षा केंद्र तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परीक्षा प्रदेश के 50 जिलों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक शिक्षक को उसके वर्तमान कार्यस्थल वाले जिले में ही परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा। वहीं, नवगठित पांच जिलों के शिक्षकों के लिए उनके पूर्व जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।