भोपाल। मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सरकार की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को राजधानी भोपाल स्थित लोकभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात कर प्रदेश में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि UCC को लेकर अब तक 9 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हो चुके हैं, जो इस विषय पर व्यापक जनभागीदारी और लोगों की रुचि को दर्शाते हैं।
UCC को लेकर सरकार की तैयारी तेज
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्यपाल को बताया कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने को लेकर लगातार सुझाव लिए जा रहे हैं। अब तक 9 लाख से ज्यादा सुझाव प्राप्त हो चुके हैं, जिनका अध्ययन किया जा रहा है। सरकार का कहना है कि व्यापक जनसहभागिता के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
रोजगार, निवेश और उद्योग पर भी हुई चर्चा
मुख्यमंत्री और राज्यपाल के बीच प्रदेश में निवेश बढ़ाने, नए उद्योग स्थापित करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सरकार का फोकस प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने और निवेशकों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने पर है।
इन अहम योजनाओं की भी दी जानकारी
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को कई महत्वपूर्ण सरकारी अभियानों और उपलब्धियों से भी अवगत कराया। इनमें शामिल हैं-
जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति
गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के दौरान प्रस्तावित शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
चार कृषि उत्पादों को मिले GI टैग से किसानों को होने वाले लाभ
सौर ऊर्जा परियोजनाओं का विस्तार
MSME और स्टार्टअप को प्रोत्साहन
औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन से जुड़े प्रयास
विकास योजनाओं की समीक्षा भी हुई
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, निवेश, रोजगार और किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए लगातार काम कर रही है। राज्यपाल के साथ हुई यह बैठक इन्हीं योजनाओं की समीक्षा और भविष्य की रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण रही।