मध्य प्रदेश में जुलाई की शुरुआत मानसून की जोरदार बारिश के साथ होने जा रही है। मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए प्रदेश के सात जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 45 से अधिक जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार सक्रिय हो रहे मानसून के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना बना हुआ है।
बालाघाट और डिंडौरी में अति भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बालाघाट और डिंडौरी जिलों में अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में नदी-नालों के उफान पर आने, जलभराव और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
देवास, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा और छिंदवाड़ा में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है।
45 से ज्यादा जिलों में बारिश और आंधी के आसार
भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, शाजापुर, नर्मदापुरम, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं नीमच, मंदसौर, रतलाम और आगर-मालवा में हल्की बारिश हो सकती है।
तेजी से आगे बढ़ रहा है मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून अब तेजी से पूरे मध्य प्रदेश में सक्रिय हो रहा है। मंगलवार तक यह जबलपुर, भोपाल, रीवा और शहडोल संभाग के अधिकांश जिलों में पहुंच चुका है। अगले दो से चार दिनों में भोपाल, सागर, ग्वालियर, उज्जैन और चंबल संभाग के शेष जिलों में भी मानसून पहुंचने की संभावना है।
23 जिलों में हुई अच्छी बारिश
मंगलवार को प्रदेश के 23 जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश सतना में करीब डेढ़ इंच रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सागर, बैतूल, छिंदवाड़ा, बालाघाट, डिंडौरी, हरदा, सीहोर, शाजापुर, मंडला, सीधी, सिवनी, धार, नर्मदापुरम, खरगोन, पांढुर्णा और मैहर सहित कई जिलों में अच्छी बारिश हुई।
बारिश से तापमान में आई गिरावट
लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भोपाल का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री, इंदौर 33 डिग्री, जबलपुर 32 डिग्री, उज्जैन 35 डिग्री और ग्वालियर 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बैतूल प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लगातार बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।