भोपाल- महंगाई के बीच वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। देश की प्रमुख निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती कर दी है। कंपनी ने पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता कर दिया है। नई दरें लागू होने के बाद भोपाल में पेट्रोल 119.79 रुपये प्रति लीटर और डीजल 102.57 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
देशभर में लागू हुई नई कीमतें
नायरा एनर्जी ने देशभर में अपने सभी पेट्रोल पंपों पर नई दरें लागू कर दी हैं। हालांकि अलग-अलग राज्यों में स्थानीय टैक्स और वैट (VAT) की दरें अलग होने के कारण विभिन्न शहरों में ईंधन की कीमतों में मामूली अंतर देखने को मिल सकता है।
कच्चे तेल की कीमत घटने से मिली राहत
ईंधन की कीमतों में यह कटौती अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट के बाद की गई है। फिलहाल वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल करीब 73 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। इससे पहले अमेरिका-ईरान तनाव के दौरान कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई थीं। हालात सामान्य होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता हुआ है।
सरकारी तेल कंपनियों ने नहीं बदले दाम
नायरा एनर्जी की ओर से कीमतें घटाए जाने के बावजूद सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। देश के 90 प्रतिशत से अधिक पेट्रोल पंप इन्हीं सरकारी कंपनियों के नियंत्रण में हैं।
मई में बढ़ाए थे ईंधन के दाम
इससे पहले मई महीने में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का हवाला देते हुए सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में कुल 7.50 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद पहली बार किसी बड़ी निजी कंपनी ने ग्राहकों को राहत देते हुए कीमतों में कटौती की है।
देशभर में 7 हजार से ज्यादा पेट्रोल पंप
नायरा एनर्जी देश की प्रमुख निजी ईंधन कंपनियों में शामिल है। कंपनी के देशभर में 7 हजार से अधिक पेट्रोल पंप हैं और ईंधन खुदरा बाजार में इसकी लगभग 7 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी गुजरात के वाडिनार में देश की दूसरी सबसे बड़ी सिंगल-साइट रिफाइनरी का संचालन भी करती है।
स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में भी बढ़ा रही निवेश
नायरा एनर्जी अब पेट्रोकेमिकल्स और बायोफ्यूल्स के क्षेत्र में भी विस्तार कर रही है। कंपनी ने 1,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर सोलर पावर सिस्टम लगाए हैं और इथेनॉल उत्पादन से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर भी काम शुरू किया है। पहले यह कंपनी एस्सार ऑयल के नाम से जानी जाती थी।