पन्ना - मध्य प्रदेश के पन्ना की रत्नगर्भा धरती ने एक बार फिर एक गरीब आदिवासी परिवार की किस्मत चमका दी है। दो साल पहले 93 लाख रुपये का हीरा मिलने के बाद अब इसी परिवार को 11.19 कैरेट का जेम्स क्वालिटी हीरा मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत 30 से 40 लाख रुपये तक बताई जा रही है।
11.19 कैरेट का चमचमाता हीरा मिला
पन्ना जिले के अहिरगवां क्षेत्र में राकेश गौड़ आदिवासी ने अपने भाइयों और तीन अन्य ग्रामीणों के साथ अप्रैल महीने में निजी भूमि पर हीरे की खदान का पट्टा लिया था। करीब दो महीने तक लगातार खुदाई और छंटाई करने के बाद उनकी मेहनत रंग लाई और सोमवार को 11.19 कैरेट का चमचमाता हीरा मिला। परिवार ने नियमानुसार हीरे को हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है, जहां जांच के बाद इसे सरकारी नीलामी में रखा जाएगा।
पहले 19.22 कैरेट का हीरा मिला था
इस परिवार की यह दूसरी बड़ी सफलता है। वर्ष 2024 में भी इन्हें 19.22 कैरेट का हीरा मिला था, जिसकी सरकारी नीलामी में 93 लाख रुपये की कीमत मिली थी। पहली सफलता के बाद भी परिवार ने मेहनत नहीं छोड़ी और एक बार फिर खदान लगाकर किस्मत आजमाई, जिसका नतीजा अब एक और कीमती हीरे के रूप में सामने आया है।
पन्ना की मिट्टी में आज भी अनमोल खजाना छिपा
राकेश आदिवासी का कहना है कि नीलामी से मिलने वाली राशि का बड़ा हिस्सा वह फिर से नई खदान लगाने में निवेश करेंगे। उनका विश्वास है कि पन्ना की धरती मेहनत करने वालों को कभी निराश नहीं करती। एक बार फिर इस खोज ने साबित कर दिया कि पन्ना की मिट्टी में आज भी अनमोल खजाना छिपा है, जो किसी की भी जिंदगी बदल सकता है।