रीवा। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) की मदद से मध्य प्रदेश के GI टैग प्राप्त रीवा सुंदरजा आम की पहली वाणिज्यिक खेप संयुक्त अरब अमीरात (UAE) भेजी गई है। इसे वैश्विक बाजार में भारत के विशिष्ट कृषि उत्पादों को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
APEDA के प्रयासों से खुला अंतरराष्ट्रीय बाजार
पिछले कई महीनों से APEDA ने मध्य प्रदेश सरकार के बागवानी विभाग, निर्यातकों, किसान उत्पादक संगठनों (FPO), पैक हाउस संचालकों और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ मिलकर रीवा सुंदरजा आम के निर्यात की संभावनाओं पर काम किया। इन समन्वित प्रयासों के बाद UAE में खरीदार मिला और निर्यात का मार्ग प्रशस्त हुआ।
एक मीट्रिक टन आमों की पहली खेप UAE रवाना
26 जून 2026 को मेसर्स साल्ट रेंज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने एक मीट्रिक टन रीवा सुंदरजा आम की पहली वाणिज्यिक खेप संयुक्त अरब अमीरात के लिए रवाना की। यह निर्यात अंतरराष्ट्रीय बाजार में सुंदरजा आम की औपचारिक शुरुआत माना जा रहा है।
रीवा से वाराणसी एयरपोर्ट तक पूरी हुई निर्यात प्रक्रिया
निर्यात के लिए आम रीवा जिले के गोविंदगढ़ के प्रगतिशील किसान सोनू गुप्ता और ओन्धा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से खरीदे गए। कटाई के बाद उत्तर प्रदेश के भदोही स्थित APEDA से मान्यता प्राप्त पैक हाउस में ग्रेडिंग, छंटाई और पैकेजिंग की गई। सभी पौध स्वच्छता औपचारिकताएं पूरी करने के बाद खेप को वाराणसी एयरपोर्ट से हवाई मार्ग के जरिए UAE भेजा गया।
किसानों को मिला प्रति किलो 40-50 रुपये अधिक दाम
इस निर्यात से रीवा के किसानों को बड़ा आर्थिक लाभ मिला है। स्थानीय बाजार में सुंदरजा आम की कीमत 100 से 110 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जबकि निर्यातक ने इसे 150 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा। इससे किसानों को प्रति किलो 40 से 50 रुपये अतिरिक्त आय प्राप्त हुई।
वैश्विक बाजार में बढ़ेगी रीवा सुंदरजा आम की पहचान
अपनी प्राकृतिक मिठास, रेशे रहित गूदे, सुगंध और बेहतरीन स्वाद के लिए प्रसिद्ध रीवा सुंदरजा आम अब वैश्विक बाजार में भी पहचान बना रहा है। APEDA का मानना है कि इस सफलता से GI टैग वाले भारतीय कृषि उत्पादों के निर्यात को नई गति मिलेगी और मध्य प्रदेश उत्कृष्ट गुणवत्ता वाले आमों के प्रमुख निर्यातक राज्यों में शामिल होगा।
कृषि निर्यात को नई गति दे रहा APEDA
इस उपलब्धि के अवसर पर 26 जून 2026 को ध्वजारोहण समारोह भी आयोजित किया गया। APEDA निर्यात अवसंरचना को मजबूत करने, अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने और भारतीय कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।