भोपाल: मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह के खिलाफ फिलहाल मुकदमा चलाने का रास्ता रुक गया है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने उनके खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। शनिवार (28 नवंबर) को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान मध्यप्रदेश सरकार ने इसकी जानकारी दी। सरकार के मुताबिक, राज्यपाल ने प्रदेश कैबिनेट की अनुशंसा के आधार पर यह फैसला लिया है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यदि अभियोजन की मंजूरी नहीं दी जाती है, तो पीड़ित पक्ष या बयान से प्रभावित व्यक्ति इस फैसले को चुनौती दे सकते हैं।
राज्यपाल के फैसले के बाद सुप्रीम कोर्ट में टली सुनवाई
मामले की सुनवाई जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ के सामने हुई। इस दौरान राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देने से इनकार कर दिया है।जानकारी मिलने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई आगे के लिए टाल दी। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि राज्यपाल के फैसले से प्रभावित पक्ष को उसे चुनौती देने का अधिकार है।पीठ ने यह भी कहा कि इस मामले की सुनवाई पहले तीन जजों की बेंच कर रही थी, इसलिए आगे की सुनवाई भी वही बेंच करेगी। अगली तारीख अभी तय नहीं की गई है।
ऑफिस रिपोर्ट में फैसले का नहीं था जिक्र
सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री की ओर से 27 नवंबर को तैयार ऑफिस रिपोर्ट में बताया गया था कि 31 अगस्त और 9 अक्टूबर 2026 के आदेशों के बावजूद राज्य सरकार ने राज्यपाल के फैसले से संबंधित कोई दस्तावेज या रिपोर्ट जमा नहीं की थी।
इससे पहले 9 अक्टूबर को अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल केएम नटराज ने राज्यपाल के फैसले पर स्पष्टता के लिए दो सप्ताह का समय मांगा था। इसके बाद 28 नवंबर को सुनवाई की तारीख तय की गई थी। शनिवार को सरकार ने अदालत को मौखिक रूप से फैसले की जानकारी दी।
कैबिनेट ने की थी अभियोजन की मंजूरी नहीं देने की अनुशंसा
अगस्त 2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मध्यप्रदेश कैबिनेट की बैठक में विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने की अभियोजन स्वीकृति नहीं देने का फैसला लिया गया था।कैबिनेट की अनुशंसा राज्यपाल मंगुभाई पटेल के पास भेजी गई थी। राज्यपाल ने इस अनुशंसा को स्वीकार करते हुए अभियोजन की मंजूरी देने से इनकार कर दिया।
SIT ने जांच के बाद सुप्रीम कोर्ट में सौंपी थी रिपोर्ट
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। SIT ने अपनी जांच पूरी करने के बाद सीलबंद रिपोर्ट अदालत में पेश की थी। जांच के बाद मंत्री के खिलाफ अभियोजन चलाने के लिए मंजूरी मांगी गई थी।अब राज्यपाल के फैसले के बाद अभियोजन की प्रक्रिया आगे बढ़ने में बाधा आई है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित पक्ष इस फैसले को चुनौती दे सकता है।
कर्नल सोफिया कुरैशी पर टिप्पणी से शुरू हुआ था विवाद
यह पूरा मामला 11 मई 2025 का है। इंदौर जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री विजय शाह ने ऑपरेशन सिंदूर के संदर्भ में भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी।इस बयान के बाद व्यापक विरोध हुआ था। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां विजय शाह की गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगाते हुए SIT से जांच कराई गई थी।