लॉस एंजिल्स: अमेरिका के कैलिफोर्निया में शनिवार सुबह जोरदार भूकंप के झटकों से लॉस एंजिल्स और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 5.0 मापी गई। इसका केंद्र मैनहट्टन बीच के पास समुद्र तट से दूर था। भूकंप के बाद कई छोटे झटके (आफ्टरशॉक) भी महसूस किए गए।
सुबह करीब 9:30 बजे आया भूकंप
स्थानीय समय के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे दक्षिणी कैलिफोर्निया में धरती हिली। भूकंप का केंद्र मैनहट्टन बीच से लगभग 6 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में समुद्र के पास और करीब 12 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। झटके लॉस एंजिल्स सहित आसपास के कई इलाकों में महसूस किए गए।
भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक
मुख्य भूकंप के बाद क्षेत्र में कई आफ्टरशॉक दर्ज किए गए, जिनमें एक झटका 4.5 तीव्रता का भी रहा। भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन एजेंसियों ने हालात का जायजा लेने के लिए निगरानी और जांच अभियान चलाया।
एयरपोर्ट पर भी दिखा भूकंप का असर
भूकंप के झटकों का असर लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट (LAX) पर भी देखने को मिला। एयरपोर्ट के कुछ हिस्सों में कांच टूटने और छत से छोटे पैनल गिरने की खबर सामने आई। हालांकि, उड़ान संचालन पर बड़े असर की सूचना नहीं मिली। शहर के दमकल विभाग ने शुरुआती जांच में बड़े नुकसान या गंभीर चोटों की पुष्टि नहीं की।
प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी
भूकंप के बाद अधिकारियों ने लोगों को संभावित आफ्टरशॉक को लेकर सतर्क रहने और सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी। विशेषज्ञों के मुताबिक, भूकंप के बाद कुछ समय तक छोटे या कभी-कभी अधिक तीव्र झटके भी आ सकते हैं।