गोरखपुर: जमीन पर अवैध कब्जे और कमजोर लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जमीन कब्जाने से जुड़ी शिकायतों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जिलों से आए करीब 150 लोगों से मुलाकात की। इस दौरान वह खुद लोगों के बीच पहुंचकर एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनते नजर आए। मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कराया जाएगा।
जमीन विवादों में न्यायपूर्ण समाधान के निर्देश
जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतें सामने आने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गंभीरता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी की जमीन पर जबरन कब्जा करने या कमजोर लोगों को उनके घर और जमीन से बेदखल करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाए। वहीं, पारिवारिक जमीन विवादों में आपसी संवाद के जरिए समाधान निकालने और सभी पक्षों को न्यायपूर्ण तरीके से हिस्सेदारी दिलाने पर जोर दिया।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि जरूरतमंदों के इलाज में सरकार हरसंभव सहायता करेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इलाज के खर्च का एस्टीमेट जल्द तैयार कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने और प्रस्ताव शासन तक पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि सहायता उपलब्ध कराने में देरी न हो।
गोरखनाथ मंदिर में गोसेवा, गोवंश को खिलाया गुड़
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रविवार सुबह की दिनचर्या गोरखनाथ मंदिर की परंपरा के अनुरूप रही। उन्होंने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंचे।
गोशाला में मुख्यमंत्री ने गोवंश को दुलारते हुए अपने हाथों से गुड़ खिलाया। इस दौरान एक गोवंश को गुड़ खिलाने के बाद उन्होंने स्नेहपूर्ण अंदाज में पूछा, ‘हो गया न, और खाएगा?’ मुख्यमंत्री का यह गोसेवा का दृश्य भी मंदिर परिसर में मौजूद लोगों के बीच देखने को मिला।